हनुमानताल पुलिस ने 4 घंटे के भीतर दबोच लिया
जबलपुर। सास से झगड़ा होने के बाद गुस्साए दामाद ने 8 वर्षीय साले का अपहरण कर लिया और फिरौती के रूप में शर्त रखी कि बच्चे को सही सलामत वापस चाहती हो तो तुमको 2 लोगों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर जेल तक भिजवाना होगा। मोबाइल फोन पर कॉल कर दामाद ने सास से कहा कि यदि मेरी यह डिमांड पूरी नहीं हुई तो तुम्हारे बेटे के साथ कुछ भी हो सकता है। दामाद की धमकी से परेशान सास ने हनुमानताल थाना पहुंचकर बेटे का अपहरण होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 4 घंटे के भीतर सिरफिरे दामाद को दबोच लिया। बच्चे के अपरहरण की जानकारी मिलते ही एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने साइबर सेल, क्र ाइम ब्रांच एवं हनुमानताल पुलिस की अलग-अलग टीम बनाकर बच्चे की तलाश में लगा दिया। पुलिस ने शाम करीब 7 बजे पनागर के पास से आरोपी दामाद अभिषेक सोनी को दबोच लिया और उसके कब्जे से बच्चे को बचा लिया। हनुमानताल पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध 363, 365 का अपराध दर्ज किया है।
घुमाने के बहाने बच्चे को लेकर निकल गया
हनुमानताल पुलिस ने बताया कि फकीर चंद उस्ताद अखाड़ा के पास रहने वाला अभिषेक सोनी अपनी पत्नी-सास और 8 साल के साले के साथ रहता है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे सास और दामाद में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। अभिषेक कुछ देर बाद घर से खाना खाने के बाद 8 साल के साले को घुमाने ले जाने का कहकर निकल गया। घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में बिजी थे। बच्चे का अपहरण होने की खबर मिलते ही घर सहित मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गोपनीय रूप से सर्चिग अभियान चलाते हुए 4 घंटे में अपहरित बालक को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े जाने पर बोला दामाद, मैं तो मजाक कर रहा था
अभिषेक सोनी अपने साले को लेकर बायपास की ओर चला गया। दोपहर में उसने अपनी सास को कॉल कर धमकी दी, कि जिन 2 लोगों से उसकी बुराई चल रही है, उनके खिलाफ थाने में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराना है। यदि तुमने ऐसा नहीं किया तो मैं साले के साथ कुछ भी कर दूंगा। दामाद अभिषेक सोनी की धमकी से सास और उसकी पत्नी दहशत में आ गए। धमकी से परेशान बच्चे की मां हनुमानताल थाना पहुंची और उसने पुलिस को पूरा प्रकरण बताया। पकड़े जाने के बाद अभिषेक पुलिस से बोला कि वह तो मजाक कर रहा था, मैने बच्चे को परेशान नहीं किया। पुलिस उसकी विधिवत गिरफ्तारी कर ली।