पुलिस लाइन में जमकर उड़ा रंग-गुलाल, मिली शाबाशी
जबलपुर। होलिक दहन के एक दिन पहले से शहर-देहात के इलाकों में जन सुरक्षा के साथ उपद्रवियों पर नकेल कसने में थके पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के पैर पुलिस लाइन आयोजित होली उत्सव में जमकर थिरके। उत्साह और उमंग के माहौल में फिल्मी गीतों पर आईएएस-आईपीएस अफसरों ने कर्मचारियों के साथ न केवल ठुमके लगाए बल्कि शहर में अमन-चैन कायम रखने के साथ ही पर्व की बधाई दी। कलेक्टर इलैयाराजा टी और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने अधीनस्थों के साथ जमकर डांस किया। होली मिलन समारोह के आयोजन में डीआईजी आरआरएस परिहार विशेष रूप से उपस्थित थे। साथ ही आईपीएस प्रियंका शुक्ला, एएसपी क्राइम गोपाल खांडेल, एएसपी ग्रामीण शिवेश बघेल, एएसपी संजय अग्रवाल सहित सीएसपी, डीएसपी, 2 दर्जन से अधिक थाना प्रभारी और थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस लाइन में हुए होली कार्यक्रम में कलेक्टर इलैया राजा टी एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने भी कर्मचारियों के साथ मिलकर रंग-गुलाल उड़ाया। कलेक्टर-एसपी को नाचते देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी झूम उठे। पुलिस महकमे में होली के अगले दिन होली का पर्व मनाए जाने का उद्देश्य था कि पुलिस भी सामाज और धार्मिक आयोजन से जुड़ी रहे। पुलिस लाइन में होने वाली होली का सेटअप भी इस तरह तैयार किया था, जिस तरह गांव-गली मोहल्ले में होता है। होली पर्व में निर्धारित शासकीय ‘प्रोटोकॉल’ को हटाकर रंग-गुलाल लगाने की रूआत भी आईपीएस अफसरों ने की।