संजीवनी नगर थाने में एफआईआर, आरोपी फरार
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गंगानगर निवासी दो लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हुए एक शातिर जालसाज ने 22 लाख रु पए हड़प लिए। ठगी करने वाले ने दोनों को सीलिंग के जमीन दिखाई और अपनी बताकर बेचने का एग्रीमेंट कर लाखों रुपए ले लिए। पीड़ित की शिकायत पर संजीवनी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संजीवनी नगर पुलिस ने बताया कि गंगानगर निवासी ओम प्रकाश चौधरी एवं धरम प्रकाश राजपूत को गंगानगर निवासी बलराम पांडे ने बताया था कि उसकी जमीन है, वह बेचना चाहता है। दोनों ने जमीन खरीदने के लिए सहमति जताई तो बलराम पांडे ने उन्हें 5000 वर्गफुट का एक प्लॉट दिखाया और उसे अपना बताया। ओम प्रकाश चौधरी एवं धरम प्रकाश राजपूत ने उक्त प्लॉट खरीदने के लिए वर्ष 2020 में बलराम पांडे को 22 लाख रु पए देकर एग्रीमेंट कर लिया। एग्रीमेंट के बाद बलराम पांडे दोनों से अलग-थलग रहने लगा और रजिस्ट्री भी नहीं की। बाद में जब ओम प्रकाश चौधरी एवं धरम प्रकाश राजपूत ने जानकारी ली तो पता चला, कि बलराम पांडे ने जो प्लॉट उन्हें दिखाया था, वह सीलिंग की जमीन है। बलराम पांडे ने जिस खसरा में जमीन दिखाई थी वह न तो रिकॉर्ड पर है और न ही मौके पर। इस बात का पता चलने पर दोनों ने थाना में आरोपी बलराम पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। संजीवनी नगर टीआई शोभना मिश्र ने बताया, कि ओमप्रकाश चौधरी की रिपोर्ट पर आरोपी बलराम पांडे के खिलाफ धारा 420 का प्रकरण दर्ज किया गया है।
