फिर पहुंचे हनुमानताल, आईएसबीटी, कृषि उपज मंडी के हालात दुरुस्त करने सख्त निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी और नगर निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के लगातार फील्ड दौरे ने अधिकारियों-कर्मचारियों की परेड करा दी। बीते 10 दिनों में मौका मुआयना के बाद हालात बदलने और जनता को होने वाली तकलीफों का अंदाजा लगातार व्यवस्था सुधारने दिए गए निर्देशों का फालोअप लेने इस तरह की कवायद से प्रशासन व नगर निगम अमले की खासी परेड हो गई। कलेक्टर व जेएमसी कमिश्नर रविवार अवकाश में सुबह एक बार फिर एक बार हनुमानताल पहुंच गए और यहां की साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने पूरे अमले को एक साथ बुला कर उसकी क्लास भी लगाई और दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर जमकर फटकार भी लगाई। कलेक्टर के साथ जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ, अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा,एसडीएम अधारताल नम: शिवाय अरजरिया आदि अधिकारी भी पहुंचे। कलेक्टर ने यहां विगत दिनों दिए गए दिशा-निर्देश के फॉलोअप पर जानकारी ली और आंखों से हनुमाताल क्षेत्र का हाल देखा। कलेक्टर ने पैदल भ्रमण कर पब्लिक से भी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। माना जा रहा है कि आज की साफ-सफाई व्यवस्था देख कलेक्टर कुछ हद तक संतुष्ट हैं। यहां तालाब के आसपास टूटी पड़ी ग्रिल इत्यादि पर भी कलेक्टर ने फोकस करते हुए नगर-निगम को तत्काल यहां सुधार कराने और पूरी तरह टूटी ग्रिल को बदलवाने कहा। आईएसबीटी पहुंचे अफसरान ने हिदायत दी कि बसें टर्मिनस के अंदर से छूटना चाहिए, यदि सड़क पर अन्य स्थान से सवारियां भरी गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।