Type Here to Get Search Results !

डॉक्टर के घर में घुसे गुंडों का उपद्रव, मोबाइल फोन में रिकार्ड हुई वारदात

रांझी पुलिस ने किए दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार 

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बापू नगर में आधा दर्जन से अधिक गुंडों ने डॉक्टर के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। तलवार, बेसबॉल के डंडे तथा रॉड लेकर पहुंचे बदमाशों ने डॉक्टर के परिजनों पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी। सरेआम गुंडगर्दी की यह वारदात मोबाइल फोन में रिकार्ड हो गई,जिसके फुटेज मौके पर पहुंची पुलिस को दिए गए। घटना के बाद से डॉक्टर का पूरा परिवार दहशत में है। रांझी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 प्लाट पर कब्जे की साजिश और आतंक

 रांझी पुलिस ने बताया, कि बापू नगर निवासी साधना मिश्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि पति डॉ केके मिश्र का बापू नगर में क्लीनिक है। मकान के बाजू में नितिन सोनकर का मकान है, जिससे उनका पुराना विवाद चल रहा है। 2 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर पर थी, तभी नितिन सोनकर, बच्चा उर्फ सुजल सोनकर, रेहान सोनकर, टार्जन सोनकर, हरीश एवं एक अन्य हाथ में तलवार, रॉड एवं डंडा लेकर जबरदस्ती घर में घुस आए। गुंडे गाली-गलौज कर पूछने लगे कहां है डॉक्टर। नितिन सोनकर ने लोहे की रॉड से भतीजे शशिकांत मिश्र पर हमला कर दिया, बच्चा सोनकर ने साधना के पैर में बेसबॉल का डंडा मारते हुए घर में तोड़फोड़ कर दी। घर में रखी बाइक तोड़ते हुए नाली में फेंक दी। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बताया जा रहा है, कि मिश्र परिवार के घर के बाजू में ही प्लाट है। जिस पर डरा धमका कर आरोपी कब्जा करना चाहते हैं।

 वीडियो देख कर एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

बताया जा रहा है, कि गुंडों द्वारा डॉ. मिश्र के घर में किए गए हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ का परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल पर वीडियो बना लिया था। पीड़ित परिवार ने उक्त वीडियो एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा को भेजा। एसपी के निर्देश पर रांझी पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी नितिन सोनकर एवं उसके चचेरे भाई बच्चा सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.