रेप,धोखाधड़ी और जमीनों में फर्जीवाड़ा करने वाले दीन मोहम्मद पर एनएसए
जबलपुर। बलात्कार, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीनों के फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी करने वाले कुख्यात भू-माफिया दीन मोहम्मद मंसूरी उर्फ डीएम टेलर का पुलिस कस्टडी में सड़क पर जूलूस देखकर लोग दंग रह गए। अधारताल पुलिस का वाहन खराब होने के बाद पुलिस डीएम टेलर को सड़क पर दौड़ाते हुए कोर्ट के लिए लेकर निकली। दूसरा वाहन आने के बाद डीएम को उसमें बैठाकर पुलिस रवाना हुई। अधारताल क्षेत्र में डीएम मंसूरी ने ऐसा रूतबा तान रखा था, कि कोई उससे विवाद करने या फिर उसकी शिकायत करने में भी घबराता था। सफेदपोश डीएम मंसूरी ने प्लाट, फ्लैट बेचने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी की है। शासकीय जमीन पर कब्जा कर लोगों ने फर्जी एग्रीमेंट करने के बाद डीएम मंसूरी ने कई प्लाट फर्जी दस्तावेजों पर बेच दिए। अधारताल टीआई शैलेष मिश्र ने बताया, कि सफेदपोश भू-माफिया दीन मोहम्मद उर्फ डीएम मंसूरी के विरुद्ध बलात्कार एवं कूट रचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी एवं मारपीट के प्रकरण पंजीबद्ध होकर न्यायालय में विचाराधीन हैं। वर्तमान में धारा 420 पुन: 420, 467, 468, 469, 471 के प्रकरण में फरार था। डीएम मंसूरी के विरुद्ध पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) 1980 की धारा 3-2 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए आदेशित किया था। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के प्रतिवेदन पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एनएसए का वारंट जारी किया है। अधारताल पुलिस ने भू-माफिया दीन मोहम्मद उर्फ डीएम मसूरी को घेराबंदी कर पकड़ा है। जारी एनएसए के वारंट एवं थाना अधारताल में लंबित 2 प्रकरणों में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए केंद्रीय जेल में निरूद्ध कराया जा रहा है।