मंदिर में शादी का प्लान बनाया, पकड़ी गई कथित मौसी
जबलपुर। खुद को अनाथ बताकर रिश्ते की एक मौसी के साथ शादी करने पहुंची युवती कोर्ट परिसर स्थित मंदिर में शादी कर दूल्हे को चकमा देकर जेवर व नकदी लेकर फरार हो गई। चंद पलों में हुए इस घटनाक्रम में सक्रिय हो गए वकीलों ने लुटेरी दुल्हन की कथित मौसी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सब देखते रह गए ,दूसरी गाड़ी में बैठकर भाग गई
मंगलवार दोपहर बाद भानतलैया निवासी रेणु नामक युवती सिवनी निवासी दशरथ सिंह राजपूत के साथ जिला कोर्ट परिसर स्थित मंदिर पहुंची थी। बताया जाता है कि कोर्ट मैरिज के पहले उसने मंदिर में शादी का प्रस्ताव रखा था। रेणु के बारे में बताया गया कि पहले उसने खुद को अनाथ बताया था फिर परसवाड़ा में रहने और यहां रिश्ते की मौसी के साथ 35 हजार नकद व जेवर आदि देकर शादी करने की बात पक्की की थी। परिजनों के साथ पहुंचे दूल्हे दशरथ ने शादी की रस्म निभाई और जाने के लिए तैयार था तभी रेणु ने गाड़ी में बैठने में असुविधा बताई और उतर कर दूसरी गाड़ी में बैठकर फरार हो गई। इस घटनाक्रम से हंगामा मच गया और मौके पर ओमती टीआई एसपीएस बघेल पहुंच गए। इससे पहले दुल्हन के भागते ही कुछ वकीलों ने रेणु के साथ आई महिला को पकड़ लिया था। पुलिस उससे लुटेरी दुल्हन के बारे में पूछताछ कर रही है।