सागर। राज्य वन विकास निगम के पूर्व चेयरमैन एवं बुंदेलखंड के प्रभावशाली नेता शिवशंकर पटेरिया ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि शिवशंकर पटेरिया पूर्व सीएम उमा भारती के करीबी रहे और पूर्व मंत्री राघवजी सीडी कांड के कारण चर्चा में रहे। शिवशंकर बुधनी में शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं। सुसाइड नोट में ‘जिज्जी’ और ‘मां’ं का जिक्र किया गया है, उसे उमाजी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उन्होने लिखा है कि मैं इतना ताकतवर नहीं हूं जो सरकार से लड़ सकूं और यह भी लिखा कि ‘जिज्जी मैं बहुत बड़ा आघात आपको दे रहा हूं। आप मेरी मां हो ’।
सुसाइड नोट में लिखा-हर न्याय उल्टा हो रहा है
सागर के मंडी बामोरा निवासी वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष 61 वर्षीय शिवशंकर पटेरिया ने कथित सुसाइड नोट में लिखा कि मैं हनुमान प्रसाद द्विवेदी अजयगढ़ जिला पन्ना के कारण आत्महत्या कर रहा हूं, जो 16 साल मेरे साथ रहा और मेरा सबकुछ ठग कर ले गया। धारा 307 का केस सरकार ने इकतरफा बनवाया और शासन में बैठे लोग न्यायालय में भी मुङो सजा कराने के लिए प्रत्यक्ष सक्रिय हैं। मैं शासन सरकार से नहीं लड़ सकता, इतना ताकतवार नहीं हूं। पिछले एक वर्ष से जो जीवन जी रहा हूं अब और नहीं जिया जाता। हर न्याय उल्टा हो रहा है। इस मामले में पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर जांच कर रही है। जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच कराई जा रही है। पत्नी से मांगी माफी, लिखा-मैंने बेघर कर दिया .... सामने आए सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी से क्षमा चाहता हूं कि मैंने उसे बेघर कर किराए के मकान में रहने दिया। सबसे ज्यादा अपराध बोध है मुङो। वहीं जिज्जी मैं बहुत बड़ा आघात आपको दे रहा हूं। आप मेरी मां हो। संभलना हिम्मत रखना। सुसाइड नोट रात एक बजे का समय लिखा गया है।
आधी रात घर के बगीचे में मिले बेहोश
शिवशंकर पटेरिया मंगलवार रात अपने घर में थे। वहां से वे बाहर आए और बिहारी मंदिर के पीछे बगीचे में पहुंचे। जहां उन्होंने जहरीली दवा पी ली। इससे पहले परिवार के लोगों को मैसेज किया था। परिवार के लोगों ने तलाश किया तो शिवशंकर बगीचे में बेहोश मिले थे। परिजन उन्हें सिविल अस्पताल बीना ले गए जहां से उन्हें सागर रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि पटेरिया के स्वस्थ होने पर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।