भाजपा के राज में गौ माता पूर्ण सुरक्षित
जबलपुर। प्रदेश की राजनीति में यकायक एक बार फिर सुर्खियों में आ रहे मिर्ची बाबा के मामले पर आज राज्य के पशुपालन और डेयरी मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने उन्हे फर्जी करार देते हुए निशाना साधा और कहा कि वो (मिर्ची बाबा) तो पहले ही उनका (कांग्रेस और दिग्विजय सिंह) खास आदमी है। उल्लेखनीय है कि मिर्ची बाबा कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लिए लाल मिर्च का हवन कराने के चलते चर्चा में आए थे। उसके बाद कुछ समय तक मिर्ची बाबा का नाम नहीं आया। इसके बाद अचानक विगत दिनों मध्यप्रदेश में गौशालाओं में गौवंश की दुर्दशा का आरोप लगाने से उनका नाम चर्चा में आ गया। हालांकि इसके पहले वे सड़क पर पिटाई और अर्धनग्न अवस्था में फरसा लिए पुलिस को धमकाने के चक्कर में भी चर्चा में आ चुके हैं। ऐसे में आज पत्रकारों के सवाल पर मिर्ची बाबा के लिए इस तरह की बात कहना भाजपा का दिग्विजय सिंह पर हमला माना जा रहा है। आज जबलपुर में डेयरी स्टेट का लोकापर्ण करने आए मंत्री प्रेम सिंह से पत्रकारों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया और हिजाब मैटर पर भी बात करना चाही तो प्रेमसिंह कन्नी काट गए। मंत्री का कहना था कि सिंधियाजी के मामले में जो भी निर्णय लेना है वो केंद्र सरकार का विषय है। हिजाब का मामला मध्यप्रदेश से बाहर का है, यहां सब कुछ कंट्रोल है। प्रदेश में रोजगार और व्यवसाय बढ़ा है और गौवंश की रक्षा के लिए सरकार संकल्पित है। आदिवासी हॉस्टल्स का जो मामला है उसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
दिव्यांगों की समस्याएं सुलझाने मंत्री से की चर्चा
प्रदेश के दिव्यांगों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण करने पशुपालन-डेयरी और सामाजिक न्याय तथा नि:शक्तजन कल्याण मंत्री से भारती विकलांग विकास मंच ने मुलाकात कर ज्ञापन दिया। मंच के सुनील कुमार जैन, डॉ. एचपी तिवारी आदि ने बताया, कि मंत्रीजी ने इस मामले में शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।