रांझी के मोहनिया में हरकत, अधिकारियों ने फटकारा
जबलपुर। स्वच्छता अभियान की दौड़ में चौतरफा प्रयास कर रहे नगर निगम अधिकारियों की मंशा पर सफाई कर्मचारी पानी फेर रहे हैं। कई क्षेत्रों में सड़क का कचरा नाली में झोंकने की शिकायतों के बीच रांझी मोहनिया में एक ऐसी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सड़क किनारे पड़े मरे हुए कुत्ते को सफाई कर्मी ने अलग करने की बजाय एक दुकान के सामने डाल दिया, जबकि वह कचरा एकत्र करने दो पहिया वाली ट्राली लिए था। बताया जाता है कि वार्ड नंबर 70 में दो सफाईकर्मी ने कुछ रुपयों की लालच में शर्मनाक हरकत की, जो कि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सफाई कर्मियों ने सड़क पर पड़े मरे कुत्ते को फावड़ा से उठाया और उसे ले जाने की बजाय सड़क के दूसरी ओर एक दुकान के सामने डाल दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद सफाई कर्मियों को अधिकारियों ने फटकार लगाते हुए दोबारा ऐसी करतूत न करने की नसीहत दी।