चेक प्वाइंट पर एएसआई व आरक्षक को टक्कर मार दुकान में जा घुसी
छिंदवाड़ा। शादी समारोह से लौट रहे रईसजादों की हाईस्पीड कार ने चेक प्वाइंट पर तैनात दो पुलिसकíर्मयों को टक्कर मारी और दुकान में घुस गई। करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार जिस तरीके से चंद पलों में दुकान में घुसी,उसे देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। हादसे में घायल एएसआई व आरक्षक को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया।
देर रात हुआ हादसा, आरोपी गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक यह हादसा सोमवार की देर रात परासिया नाके पर सर्किट हाउस के पास तिराहे पर हुआ, जहां चेक प्वाइंट पर एएसआई किशोर उइके व आरक्षक हंसमुख सूर्यवंशी रजिस्टर में वहां से गुजरने वालों के नाम-पते नोट कर रहे थे। तभी कार क्रमांक यूपी 16 बीवाय 6632 तेज रफ्तार में आई और पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए एक दुकान में जा घुसी। वहीं आसपास खड़े एक ऑटो चालक ने बताया कि यह सब पल भर में हो गया। पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में देखा कि कार अत्यधिक स्पीड में पुलिस नाका तोड़ती हुई दुकान में घुस गई। पुलिसकर्मी उसे रुकने का इशारा कर रहे थे,तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। ऐसा बताया गया कि कार का स्टेयरिंग लॉक हो गया था। कार की चपेट में आए एएसआई उइके व आरक्षक सूर्यवंशी बुरी तरह घायल हो गए।
चारों युवकों का मुलाहजा कराया, एफआईआर
पुलिस ने कार चला रहे मुल्लाजी पेट्रोल पंप (छिंदवाडा) के पास रहने वाले 24 वर्षीय नवेद (24) पुत्र नईम अहमद, शंकरनगर (छिंदवाड़ा), 34 वर्षीय साजिद पुत्र सफदर अली, जबलपुर के घंटाघर निवासी 38 वर्षीय जफर पुत्र हैदर अली और ईशानगर (छिंदवाडा) निवासी दानिश पुत्र नईम खान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा के मुताबिक, चारों युवक कुकड़ाजगत (छिंदवाडा) स्थित एक लॉन में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
