पूर्व सीएम ने कहा- गौशाला संचालक भाजपा नेता पर दर्ज हो गौ हत्या का केस
जबलपुर। राजधानी के बैरसिया में बसई गांव स्थित में भाजपा नेता निर्मला शांडिल्य की गौशाला में सैकड़ों गायों की मौत पर सियासी संग्राम छिड़ गया है। संस्कारधानी के संत एवं मप्र गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह के शासनकाल में कई जिलों के 10 गौ सदन भंग कर चरनोई की जमीन कार्यकर्ताओं को बांट दी गई थी। स्वामी अखिलेश्वरानंद ने दावा किया है कि इसके दस्तावेजी प्रमाण उनके पास हैं और वे जल्द ही मामले को कोर्ट में ले जाएंगे। उधर, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता की गौशाला में 5 सौ से अधिक गायों की मौत हुई है, उस पर गौ हत्या का केस दर्ज किया जाए और गायों की हड्डी व चमड़े के व्यापार की जांच की जाए।
शंकराचार्य के मना करने पर भी नहीं माने दिग्विजय सिंह
जबलपुर के जाने-माने संत एवं गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 2000 में जंगलों के आसपास बनाए 10 गौ सदन को भंग कर दिया था। उन्होंने जमीन को वन विभाग के सुपुर्द कर दी थी। जबकि इससे लगी हुई चरनोई भूमि की बंदरबांट कर दे दिया गया था। स्वामी जी ने कहा कि उस समय दिग्विजय सिंह के गुरू शंकराचार्य ने मना किया था कि ऐसा मत करो। गाय मूक प्राणी है, वह अपना मुकदमा नहीं लड़ सकती है, लेकिन दिग्विजय सिंह नहीं माने थे।
दिग्विजय के पाप का प्रायश्चित शिवराज सिंह कर रहे
अखिलेश्वरानंद गिरी ने कहा कि मेरे पास दस्तावेजी प्रमाण है कि दिग्विजय ने कांग्रेस पार्टी के लोगों को चरनोई भूमि बांटी और उन्होंने जमीन को बेच दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या गाय का निवाला छीनने वाला मुख्यमंत्री गौ हत्यारा नहीं हो सकता? मैं विधि विशेषज्ञों की सलाह ले रहा हूं कि 20 साल बाद भी मुकदमे दायर किए जा सकते हैं। मैं दिग्विजय सिंह को कोर्ट में दोषी सिद्ध कर दूंगा। उन्होने कहा कि जो पाप दिग्विजय सिंह ने किया है, उसका प्रायिश्चत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को करना पड़ रहा है।
वर्षो से चल रहा गाय की हड्डी, चमड़े का व्यापार
भाजपा नेता निर्मला शांडिल्य की गौशाला में गायों पर मौत पर आक्रामक पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यहां से कई वर्षो से गाय की हड्डी व चमड़े का व्यापार चल रहा है। उन्होने आरोप लगाया कि गौशाला में सैकड़ों गाय की मौत हो गई और इसे छिपाने का काम किया गया। दिग्विजय सिंह ने मांग की है कि गौशाला संचालक मंडल पर गौ हत्या का केस दर्ज होना चाहिए साथ ही यह जांच होना चाहिए कि निर्मला शांडिल्य व उनका परिवार कब से गायों की हड्डी व चमड़े का व्यापार कर रहा है। उन्होंने कहा कि गौशाला चलाने वाला यदि गैर भाजपा या गैर हिंदू होता तो अब तक उस पर एनएसए लग जाता, उसके मकान तोड़ दिये जाते। चूंकि शांडिल्य भाजपा व विहिप नेता हैं तो सरकार द्वारा उन्हें बचाने का प्रयास हो रहा है।