अल्पप्रवास पर आए प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
जबलपुर। अल्प प्रवास पर जबलपुर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि बूथ के लिए यूथ सक्रिय हो जाएं। उन्होने कहा कि भाजपा के पास जितनी युवा शक्ति है, उतनी किसी भी पार्टी के पास नहीं है और, ये युवा शक्ति विपरीत से विपरीत धारा को मोड़ कर बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान स्वरूप बन सकती है। पार्टी के बूथ विस्तारक अभियान के अंतिम चरण में वे भाजपा के रानीताल स्थित संभागीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे से पूर्व कुछ देर वे जबलपुर में रुके। वरिष्ठजनों से मुलाकात के बाद वे कटनी रवाना हो गए।
कमल पुष्प-बूथ विस्तार की चर्चा
वीडी शर्मा ने भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं से बूथ विस्तारक अभियान तथा कमलपुष्प अभियान की चर्चा की। कमलपुष्प अभियान के प्रभारी पवन तिवारी ने बताया कि अभियान सफलता पूर्वक संपन्न हो गया है। इसी तरह बूथ विस्तारक अभियान की गति की भी उन्होंने जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि 95 फीसदी अभियान पूर्ण हो गया है। सभी मंडलों में ये अभियान आज संपन्न करा लिया जाएगा।
डुमना विमानतल पर स्वागत
इससे पहले डुमना एयरपोर्ट पहुंचे वीडी शर्मा का आत्मीय स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष भाजपा जीएस ठाकुर, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे एवं युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद वे रानीताल स्थित संभागीय कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों से चर्चा की। करीब आधे घंटे रुकने के बाद वे सड़क मार्ग से कटनी रवाना हो गए। इस अवसर पर जय सचदेवा, कमलेश अग्रवाल,अभिनव यादव, राहुल सोनकर,जय रोहाणी, मुजम्मिल अली आदि उपस्थित थे।