स्टेशन पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत, पीएम व सांसद का माना आभार
जबलपुर। यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गई शुभि गुप्ता सकुशल शहर वापस लौट आई हैं। दिल्ली से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से लौटी शुभि के ट्रेन से उतरते ही उनकी मां की आंख से आंसू नहीं रुके। सुरक्षित लौटी अपनी बिटिया को देख भावुक हुए परिजनों ने मीडिया से बात करते हुए कहा, कि वे पीएम मोदी व सांसद राकेश सिंह की आभारी हैं। शुभि ने बताया कि जबलपुर के और भी छात्र-छात्रएं हैं उन्हें बार्डर क्रास करने में थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। शुभि की मां सुशीला गुप्ता ने कहा कि सांसद राकेश सिंह ने हम लोगों से सतत् संपर्क बनाए रखा और पल-पल की जानकारी लेते रहे और यह उनके प्रयास का नतीजा है, कि आज मेरी बेटी सकुशल घर वापस हुई है। यूक्रेन से वापसी पर स्टेशन में भाजपा महामंत्री पंकज दुबे, पूर्व एमआईसी मेंबर कमलेश अग्रवाल व मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।