सीएम से गुहार,अस्पताल में इलाज करा रहा परिवार आर्थिक रूप से टूट गया
जबलपुर। शहर एवं ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था के लिए ठेके पर चल रहे काम में हादसा होने पर कर्मचारियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। बताया जाता है कि करंट से झुलसे ठेका कर्मी की बीते डेढ़ माह में किसी ने मदद नहीं की । उसका इलाज कराने में आ रही आर्थिक परेशानियों को देखते हुए मदद की मांग उठी है। निजी अस्पताल में भर्ती ठेका कर्मी शिवराम यादव को आर्थिक मदद देने की मांग करते हुए मप्र विद्युत कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह व ऊर्जा मंत्री से इलाज का खर्च उठाने कहा है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पाटन संभाग में बेलखेड़ा मेरेगांव, सब स्टेशन में काम करने के दौरान ठेका कर्मी शिवराम यादव झुलस गए थे। डेढ़ महीने से वह अस्पताल में भर्ती हैं। ठेका कंपनी और बिजली विभाग द्वारा पीड़ित की कोई भी मदद नहीं दी गई। ठेका कर्मी की हालत जहां बिगड़ रही है, वहीं उसका परिवार भी इलाज कराते आर्थिक रूप से टूट गया है।
ठेका कंपनी की शर्तों में हो मदद का प्रावधान
मप्र विद्युत कर्मचारी संघ ने इस प्रकरण में संवेदनशीलता और मानवीयता का परिचय देते हुए ठेका कर्मी की मदद की मांग की है। वहीं सुझाव दिया है कि बिजली कंपनी ठेका देते समय उसके नियमों में इस तरह के हादसा होने पर कर्मियों के इलाज और आर्थिक मुआवजा देने की शर्तों को जोड़े। मप्र विद्युत कर्मचारी संघ के राकेश पाठक, सुनील कुरेले, यूके पाठक, आरएस परिहार आदि ने पीड़ित ठेकाकर्मी की आर्थिक मदद दिलाने के लिए सीएम और ऊर्जा मंत्री से गुहार लगाई है।