शहपुरा में हादसा, 5 लोग घायल
जबलपुर। तिलक कार्यक्रम में शामिल होकर नरसिंहपुर से सीधी लौट रहे परिवार की बोलेरो कार घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे कैप्सूल टेंकर ट्रक से टकरा गई। सुबह करीब 7 बजे हुए हादसे में बोलरो सवार 5 लोग घायल हो गए। हादसे में बोलेरो का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने सड़क पर पड़े वाहनों को किनारे कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। शहपुरा पुलिस ने बताया कि सीधी से नरसिंहपुर सालीचौका में तिलक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परिवार सुबह वापस सीधी के लिए बोलेरो क्रमांक एमपी 53 सीए 6036 में लौट रहा था। बोलेरो शहपुरा स्थित बेहरू माता के मंदिर के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे कैप्सूल ट्रक क्रमांक एमपी 21 एच 1573 के चालक ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार शुभम कुशवाहा, शुभम श्रीवास्तव, प्रिया केवट और विनोद केवट को चोट आई हैं। दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बोलेरो से बाहर निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया, इधर हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायल शुभम श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि कोहरे के कारण सड़क पर स्पष्ट कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। ट्रक का चालक बहुत तेजी से वाहन चलाते हुए अचानक सामने आया और टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।