अलग-अलग थाना क्षेत्र में 5 मकानों के टूटे ताले
जबलपुर। चोरों ने पांच सूने घरों पर धावा बोल कर लाखों रुपए के जेवर और नगदी पार कर दी। जिन घरों में चोरी हुई है, उसमें एक संपन्न व्यवसायी और जेल कर्मी भी शामिल है। इन चोरियों के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और लोग दिन में भी अपने घरों में सूना छोड़ने में कतरा रहे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता की मौत के बाद कर्जा लौटाने रखी थी रकम
अधारताल थानाक्षेत्र में कांता माता मंदिर के पास रहने वाले गणोश पांडे ने बताया कि लंबी बीमारी से जूझ रहे उसके पिता की 15 जनवरी को मौत हो गई थी। जिसके बाद वह परिवार सहित कांता माता मंदिर के पास वाले मकान में ताला डालकर संजीवनी हॉस्टिल के पास स्थित पुश्तैनी मकान में चला गया। वहां से जब वापस लौटा और मेन गेट का ताला खोलकर जैसे ही अंदर घुसा को पूरा घर अस्त व्यस्त देख उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी भी खुली पड़ी थी, जिसके लॉकर में रखे 4 लाख रुपए नगद और करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर वहां से गायब थे। पांडे ने बताया कि चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। उसने बताया कि वह अनमोल नमकीन के डिस्ट्रीब्यूशन का काम करता है, जिसके चलते उसके यहां कैश रखा था। साथ ही पिता की बीमारी के इलाज के दौरान उसने अपने रिश्तेदारों से कर्ज लिया था, जिन्हें लौटाने के लिए कैश निकालकर घर में रखा था, लेकिन कर्जा चुकाने से पहले ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
जेल लाइन में दिन-दहाड़े चोरी
चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिन दहाड़े जेल लाइन के एक क्वार्टर में तक धावा बोल दिया। जेल कर्मी स्वराज सेंगर ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंगलवार सुबह वह सपरिवार घर में ताला डालकर कहीं गया हुआ था। शाम 7 बजे जब वापस लौटा तो देखा कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है। मन में चोरी की शंका लिए स्वराज जैसे ही अंदर घुसा तो अलमारी में रखी नगदी और जेवरात गायब थे। जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
संजीवनी नगर, अधारताल, सिहोरा में भी चोरी
. संजीवनी नगर निवासी सुरेंद्र पटेल ने थाने पहुंचकर बताया कि राजुल सिटी गंगा नगर स्थित सूने मकान से चोरों ने 12 हजार रुपए के जेवर चुरा लिए। इसी तरह तिलवारा और सिहोरा थानाक्षेत्रों में चोरों ने सूने घरों पर निशाना साधते हुए लाखों रुपए का माल पार किया है। पुलिस सभी मामलों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है ताकि जल्द से जल्द चोरों को दबोचा जा सके।