हनुमानताल में कचरा, जेएमसी कमिश्नर ने अधिकारियों को फटकारा
जबलपुर। शहर की स्वच्छता और व्यवस्था पर फोकस कर रहे कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी गुरुवार की सुबह हनुमानताल, आईएसबीटी,चंडाल भाटा आदि क्षेत्रों के निरीक्षण पर निकल पड़े। हनुमानताल थाने के सामने तालाब की गंदगी देख सीएसपी को फोन लगाया और चंडालभाटा की शराब दुकान के सामने गंदगी देख भड़क गए। कलेक्टर के निर्देश पर शराब दुकान संचालक को 50 हजार रुपए जुर्माना ठोका गया। वहीं उनके साथ रहे जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को फटकार लगाई। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान हनुमानताल के आसपास फैली गंदगी, तालाब में उतरा रही गंदगी, धार्मिक सामग्री के अवशेष और आसपास पड़ी शराब की बोतल, डिस्पोजेबल ग्लास आदि देख कर कलेक्टर नाराज हो गए। उन्होने यहीं से सीएसपी हनुमानताल अखिलेश गौर को मोबाइल फोन से रात की गश्त सख्ती से सुनिश्चित कराने और थाना परिसर से लेकर इलाके में फैली अराजकता पर क्लास लगा दी। नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ ने तत्काल नगर-निगम के अमले को बुला कर फटकार लगाई और साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। इसके बाद कलेक्टर और निगम कमिश्नर का काफिला चंडालभाटा क्षेत्र पहुंच गया। यहां सड़क पर हो रही दारुखोरी के निशान मिलने और क्षेत्र में स्वच्छता अभियान में नियमों का पालन नहीं किए जाने पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। गंदगी फैलाने के कारण चंडालभाटा क्षेत्र की शराब दुकान पर 50 हजार रुपए जुर्माना ठोक दिया गया। कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल यहां पर निगम कमिश्नर ने अमले को चालानी कार्रवाई करने कह दिया जिससे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। इसके बाद कलेक्टर और निगम कमिश्नर का अमला आईएसबीटी क्षेत्र पहुंचा। यहां गंदगी और अव्यवस्था देख सख्ती से साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करने अधिकारी-कर्मचारियों को हड़का दिया।
पहली टीएल मीटिंग में ही दे दिए थे संकेत
दरअसल, आज सुबह कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के साथ शहर भ्रमण पर निकले थे। चूंकि कल ही समय-सीमा की अपनी पहली बैठक में कलेक्टर के तेवर साफ-सफाई को लेकर काफी सख्त रहे। बैठक में कलेक्टर ने स्वच्छता सव्रेक्षण 2022 में अच्छी रैंकिंग के लिए अफसरों के पेंच कस दिए थे साथ ही प्रतिदिन कुछ समय निकाल कर इसकी मॉनीटरिंग भी करने कहा था। चूंकि अमले को इतनी त्वरित कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी, लेकिन इससे उलट कलेक्टर आज सुबह ही निगम कमिश्नर को लेकर फील्ड पर निकल पड़े। इससे सरकारी मशीनरी में हड़कम्प मच गया।