कटंगी में हादसा, तीसरा बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
जबलपुर। कटंगी में बाइक सवार तीन युवकों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। सोमवार को देर रात हुए इस हादसे में 2 युवकों की मौके पर मौत हो गई और एक अन्य युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है भीषण भिड़ंत होते ही बाइक में आग लग गई,जिसे स्थानीय लोगों व पुलिस ने बुझाया। पुलिस के मुताबिक कटंगी मोहला मोड़ के पास कार व बाइक तेज रफ्तार होने के कारण टकरा गई। सोमवार रात करीब 9 बजे बाइक क्रमांक एमपी 20 एनबी 8232 में ग्राम सरा निवासी युवक कटंगी की ओर जा रहे थे। मोहला मोड के पास सामने से आ रही कार के चालक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर के बाद बाइक सवार युवक उछलकर कुछ दूर जाकर गिरे। बाइक सवार युवकों के सिर में गंभीर चोट आने से 30 वर्षीय धर्म सेन 30 साल और 20 वर्षीय साहिल ठाकुर की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में 20 वर्षीय रंजीत गोंड 20 को गंभीर चोट पहुंची है, जिसका उपचार चल रहा है। रंजीत गोंड की हालत भी बेहद नाजुक बताई जा रही है।
बाइक के पेट्रोल टेंक का टक्कर खुला, लग गई आग
हादसे के बाद बाइक की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खुल गया। बाइक सड़क पर करीब 25 फुट तक घिसटती चली गई। सड़क से निकली चिंगारी और पेट्रोल के कारण बाइक में आग लग गई।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान ....
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ और पुलिस के बीच चर्चा रही, कि बाइक सवार युवक हेलमेट लगाए होते तो संभवत: उनकी जान बच जाती। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट लगी जिसके कारण उनकी मौत हो गई।