फरवरी में विवाह के 5 मुहूर्त, यहां होना है 7 सौ से ज्यादा शादियां
जबलपुर। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद राज्य सरकार ने फैसला किया है कि बसंत पंचमी के दिन से विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यो में अतिथियों की संख्या का प्रतिबंध हटाया जा रहा है। जबलपुर में भी कोरोना के केस तीन दिन बाद घट गए। शुक्रवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार 390 नए पॉजिटिव केस मिले, वहीं 598 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। एक्टिव केसों की संख्या 2925 हो गई। शादी-विवाह उत्सव में 250 लोगों की सीमा पर बंदिश हटा दी गई है। इस बार फरवरी माह में विवाह के 5 मुहूर्त हैं और 5,6,10,18 और 19 फरवरी को यहां 7 सौ से अधिक विवाह होना है।
कोरोना की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के लिए सावधानियों का पालन करते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि प्रदेश में कोरोना अब नियंत्रण में है, इसलिए शनिवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर से अतिथियों की संख्या का प्रतिबंध हटेगा, लेकिन नाईट कफ्यरू रात 11 से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। साथ ही अंतिम संस्कार के मामले में लोगों की संख्या तय कर रखी। अभी इस मामले में फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मास्क लगाने को लेकर जागरुक करने का काम जारी रहेगा।
संक्रमण की दर घट कर 9.27 प्रतिशत हो गई है
इधर, देश में कोरोना संक्रमण तेजी से घट रहा है। संक्रमण दर घटकर 9.27 प्रतिशत पहुंच गई है। हालांकि, देश में कोरोना से होनी वाली मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1072 मौतें हुईं। शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब कोरोना के 14.35 लाख सक्रिय मामले बचे हैं। वहीं अब तक 168.47 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।