प्रांत प्रचारक के नेतृत्व में बीत 7 माह से चल रही थी तैयारी
जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के तीन दिवसीय जबलपुर आगमन और यहां विशाल एकत्रीकरण कार्यक्रम निरस्त होने की खबर है। जानकार सूत्रों के मुताबिक बढ़ते कोरोना और बिगड़ते मौसम की वजह से संघ ने आज रविवार को आयोजित होने वाले सतत पथ संचलन को रद्द कर दिया है। बता दें कि डॉ मोहन भागवत की मौजूदगी में जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में महाकोशल प्रांत का वृहद स्वयं सेवक एकत्रीकरण 14 से 16 जनवरी तक आयोजित किया गया था, जिसमें 34 जिलों के स्वयं सेवक शामिल होने वाले थे।
रिले रेस की तर्ज पर होता है संघ का सतत पथ संचलन
रविवार को संघ ने शहर में वृहद स्तर पर सतत पथ संचलन की तैयारी की थी। दरअसल, मुख्य पथ संचलन के अलावा सतत पथ संचलन आयोजन के पहले संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है जिसमें रिले रेस की तर्ज पर स्वयं सेवकों की टोली अलग-अलग नगर(प्रखंडों) से निकलती है और दूसरी टोली को मशाल-ध्वज सौंपकर उसे आगे बढ़ने देती है। सभी नगरों के सतत पथ संचलन सुबह 9 बजे शुरू होकर शाम 7 बजे स्थानीय गोलबाजार में समापन तय किया गया था। यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
प्रवीण जी गुप्त के नेतृत्व में बीते 7 माह से चल रही थी तैयारी
श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का 14-15 और 16 जनवरी को विशाल एकत्रीकरण कार्यक्रम की तैयारियां संघ के प्रांत प्रचारक प्रवीण जी गुप्त के निर्देशन में बीत 7 माह से चल रही थी। इसमें 34 जिलों से स्वयं सेवक जबलपुर आना प्रस्तावित हैं जो यहां तीन दिन तक रह कर संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले थे। खास बात यह है कि संघ के अपने मापदंड अनुसार विभक्त विभिन्न जिलों के स्वयं सेवक यहां विविध कार्यक्रम और सतत पथ संचलन जैसी गतिविधियां करने अनुशासनबद्ध होकर तैयार रहे। खबर मिली है कि संघ द्वारा अपने स्वयं सेवकों को सहयोग राशि एकत्र करने वितरित की गई रसीद की बहियां मुख्यालय वापस बुला ली हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रस्तावित एकत्रीकरण और डॉ. मोहन भागवत का जबलपुर प्रवास निरस्त हो गया है।