ग्राम पंचायत बरौदा में सनसनी
जबलपुर। ग्राम पंचायत बरौदा के गांव मचला में गेहूं की फसल के बीच में युवक का कटा सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। खेत में कटा हुआ सिर पड़े होने की सूचना किसान ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पनागर पुलिस और एफएसएल टीम ने प्राथमिक जांच के बाद युवक के कटे सिर को कब्जे में लेते हुए गायब धड़ की तलाश शुरू कर दी है। खेत में रक्तरंजित सिर मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच चर्चा है, कि किसी ने धारदार हथियार से हत्या कर सिर काटकर खेत में फेंक दिया है। युवक का धड़ भी आसपास ही होगा, जिसकी तलाश ग्रमीणों के साथ पुलिस कर रही है। पनागर पुलिस ने बताया कि मचला गांव में नरेश कुमार मिश्र 37 वर्ष का गर्दन से कटा हुआ सिर गांव के ही खेत में मिला है। खेत के आसपास युवक का धड़ नहीं मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि जिस खेत में कटा हुआ सिर मिला उसके पास ही किसान का मकान बना हुआ है। सुबह किसान उठा तो उसने देखा कि गेहूं की फसल के बीच में 2 से 3 कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। किसान ने पास में जाकर देखा तो किसी युवक का गर्दन से कटा हुआ सिर पड़ा हुआ था। खेत में कटा सिर पड़े होने की खबर गांव में आग की तरह फैली और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि मुकेश मिश्र पिता इंद्र कुमार निवासी मचला गांव में अकेला रहता था। मुकेश का विवाह नहीं हुआ था, लेकिन उसके साथ कोई महिला रहती थी। पुलिस परिजनों सहित गांव वालों से पूछताछ कर रही है।