Type Here to Get Search Results !

थप्पड़ की गूंज के बदले युवक का कत्ल, गले में जूते की लेस से बनाया सुसाइड का सीन

मझौली पुलिस ने किया खुलासा, तीनों आरोपी गिरफ्तार 

जबलपुर । दीपावली के समय खेत में एक लड़की को छेड़ने पर थप्पड़ मारने वाले युवक का कत्ल कर बदला लिया गया। 27 दिसंबर को लापता हुए उस युवक की लाश मिलने के बाद पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मझौली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बारे में एएसपी शिवेश सिंह बघेल व एसडीओपी श्रुतकीर्त सोमवंशी ने बताया कि मुख्य आरोपी लवकुश बर्मन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक कटंगी के बुड़ैली निवासी 19 वर्षीय अनिल बर्मन उर्फ भुल्लु 27 दिसंबर को घर से 15 किमी दूर चंडी मेला देखने सिलहटी में ब्याही बहन के घर गया था। इसके बाद से अनिल का पता नहीं चल रहा था। पिता राजू बर्मन ने 28 दिसंबर को मझौली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 29 दिसंबर की शाम उसकी लाश सिलहटी से चार किमी दूर ढिरहा उमरिया गांव के पास खेत में झाड़ियों के किनारे मिली थी। उसके गले में जूते की लेस लिपटी थी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने के दिशा-निर्देश दिए थे।

 चंडी मेले के दुकानदारों ने दिखाई राह

मझौली पुलिस ने सिलहटी गांव में आयोजित चंडी मेले में आए दुकानदारों से पूछताछ की, तब पता चला कि अनिल बर्मन को आखिरी बार लवकुश बर्मन के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने लवकुश से कड़ी पूछताछ की जिसमें उसने बताया कि दीपावली के समय अनिल बर्मन ने उसे सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारकर अपमानित किया था, इसलिए थप्पड़ का बदला लेने उसने हत्या कर दी। गले में जूते की लेस इसलिए लपेट दी ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।

 2 दोस्तों के साथ हत्या की वारदात को दिया अंजाम

 बताया गया कि लवकुश भी 27 दिसंबर को चंडी मेला देखने गांव के दोजी व माखन के साथ सिलहटी गांव गया था। वहीं पर अनिल मिला तो शराब पिलाने के बहाने उसे अपने साथ लेकर निकल गए। सिलहटी से चार किमी दूर ढिरहा उमरिया गांव के पास बैजनाथ विश्वकर्मा के खेत में पहले बैठकर शराब पी और फिर मारपीट कर उसके बाएं पैर के जूते की लेस खोलकर गला घोंट दिया था। तीनों आरोपी भी अनिल के गांव के हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी में थान प्रभारी सजन सिंह सहित इंद्राना चौकी इंचार्ज एलएस झारिया, एसआई अभिलाष मिश्र, आरक्षक सोमदीप पटैल, अमित पटैल, पंकज राय व अनुज की सराहनीय भूमिका रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.