महाराष्ट्र की सीमा से लगे जिलों में सतर्कता,साल के पहले दिन सिर्फ 1 नया केस
जबलपुर। इंदौर के बाद कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन की एंट्री जबलपुर संभाग के छिंदवाड़ा में भी हो गई है। यहां नीदरलैंड की यात्र कर लौटी 26 वर्षीय युवती के संक्रमित होने की खबर है। बताया जाता है कि 25 दिसंबर को छिंदवाड़ा आई युवती का सेंपल लिया गया था, लेकिन ओमिक्रॉन पॉजिटिव होने के रिपोर्ट आने के बाद युवती ने मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ लिया,हालांकि प्रशासन ने उसकी तलाश कर ली और उसे आइसोलेट कर दिया गया है। एसडीएम अतुल सिंह का कहना है कि युवती क्वारेंटाइन थी, उसके परिजनों को भी क्वारेंटाइन किया गया था। युवती की हालत सामान्य बताई गई है।
महाराष्ट्र से आने वालों पर नजर
प्रशासन का दावा है कि महाराष्ट्र से लगे जबलपुर संभाग के जिलों में सतर्कता बरती जा रही है। जबकि छिंदवाड़ा के परासिया में नागपुर से लौटे 70 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग के परिवार के चार सदस्य व घर में काम करने वाली महिला को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। इनमें सभी को वैक्सीन को दोनों डोज लग चुकी हैं एमपी में कोविड के बढ़ते मामलों के बीच जबलपुर भी हाट स्पॉट बनता दिख रहा है। दो महीने बाद दिसंबर में जबलपुर में कोविड के सबसे अधिक केस सामने आए। नवंबर में 24 संक्रिमत मिले थे, जो दिसंबर में 48 पर पहुंच गए। अक्टूबर से तुलना करें तो चार गुना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। जबलपुर में शनिवार की शाम मिली रिपोर्ट राहत वाली रही, जिसमें साल के पहले दिन सिर्फ 1 नया पॉजिटिव केस मिला, जिले में एक्टिव केसों की संख्या 29 तक पहुंच गई है।
जबलपुर में लापरवाही पड़ेगी भारी, शनिवार को खाने वालों की भीड़
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की दहशत के बीच जबलपुर में लोगों की लापरवाही शहर पर भारी पड़ सकती है। शनिवार की दोपहर से शाम तक अकेले सिविक सेंटर का नजारा इस लापरवाही का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया। यहां खान-पान के ढेलों व दुकानों पर खाने वालों की भीड़ आश्चर्यजनक तरीके से बढ़ी और हर जगह लोग लापरवाह दिखे। नए साल के पहले दिन ग्वारीघाट जाने वालों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि ट्रैफिक जाम में लोग घंटों फसे रहे।