राहत: अब बड़े शहरों में नहीं भटकेंगे किडनी के मरीज
जबलपुर। महाकोशल सहित जबलपुर संभाग के आस-पास के जिलों से आने वाले किडनी मरीजों के लिए राहत भरी खबर है कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए उन्हें अब देश के महानगरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा। हाल ही में बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल में जबलपुर का पहला लेप्रोस्कोपिक किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया है। 27 साल के युवक की किडनी ट्रांसप्लांट के तीन दिन बाद पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लेप्रोस्कोपिक पद्धति से पहले सफल किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन के बारे में हॉस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बड़ेरिया ने पत्रकारों को बताया कि हमारे विशेषज्ञ चिकित्सक जिनमें किड्नी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. राजेश पटेल एवं वरिष्ठ नेफोरोलोजिस्ट डॉ. विशाल वढेरा ने 9 जनवरी को जबलपुर एवं समस्त महाकोशल क्षेत्र का प्रथम डोनर लेप्रोस्कोपिक किड्नी ट्रांसप्लांट का कीर्तिमान स्थापित करते हुए नए वर्ष में जबलपुर और पूरे महाकोशल क्षेत्र को सफल किड्नी ट्रांसप्लांट की सौगात दी है।
राजीव बड़ेरिया ने चिकित्सकों को मिली इस सफलता की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि डॉ राजेश पटेल, डॉ विशाल वढेरा के साथ डॉ शैलेंद्र राजपूत, डॉ. फणीन्द्र सोलंकी, डॉ. देवेश गुप्ता, डॉ. अनूप जैन, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. विपिन रघुवंशी और कुशल ओटी स्टाफ का भी इसमें विशेष योगदान रहा। वहीं चिकित्सक डॉ. राजेश पटेल व डॉ. वढेरा ने कहा कि हॉस्पिटल में अलग से विंग तैयार की गई है। साथ अस्पताल का कुशल प्रबंधन के चलते चिकित्सकों को हाईटेक सुविधाएं भी प्राप्त हुई हैं।