मां नर्मदा साईं सेवा समिति,आर प्रियांशी कंस्ट्रक्शन, बर्फानी सहित 5 पर सख्ती
जबलपुर। नगर निगम के स्वास्थ विभाग के अंतर्गत काम कर रही कई ठेका समितियों का फर्जीवाड़ा और लापरवाही सामने आने के बाद कमिश्नर आशीष वशिष्ट ने तगड़ा जुर्माना ठोका है। बताया जाता है कि सफाई कार्य व मृत पशुओं को उठाने सहित आवारा कुत्ताें की नसबंदी करने का ठेका लेने वाली एजेंसियों का लंबे समय से फर्जीवाड़ा चल रहा है, जिसमें नगर निगम के अधिकारियों की सांठगांठ से समितियों-ठेकेदारों ने बीते दो साल में करोड़ों का चूना लगाया। इस संबंध में मिले फीडबैक के बाद जेएमसी कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन पांच समितियों पर ठोका जुर्माना
मां नर्मदा सांई सेवा समिति पाटन के ऊपर 76 हजार 684 रुपए, आर प्रियांशी कंस्ट्रक्शन एंड फैसिलिटी नर्मदा नगर गोहलपुर पर 23 हजार 892 रुपए, अल्ट्रा क्लीन एंड केयर सर्विसेस नेपियर टाउन पर 36 हजार 608 रुपए, मां नर्मदा सफाई संरक्षक एंड लेबर कॉन्ट्रेक्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी जबलपुर पर 20 हजार 809 रुपए और बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस नेपियर टाउन जबलपुर पर 28 हजार 902 रुपए का जुर्माना ठोक दिया है।
ठेका निरस्त करने की दी चेतावनी
बताया जाता है कि ठेकेदारों ने अनुबंध के अनुरूप कार्य नहीं किया और अधिकारियों-कर्मचारियों की सांठगांठ से निगम को चूना लगाया। शहर की सफाई व्यवस्था से नाराज नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ ने ठेकेदार कंपनियों पर तगड़ा जुर्माना ठोक दिया है। दरअसल, आईएएस आशीष वशिष्ठ ने जब से कार्यभार संभाला है तभी से सफाई व्यवस्था पर उनका फोकस है। इसी क्रम में विगत दिनों निरीक्षण और पर्यवेक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था में हददर्जे की लापरवाही देखी,तभी से सख्ती बरतना शुरू की है। इसी क्रम में विगत दिनों विभिन्न वार्डो में की गई जांच-पड़ताल और निरीक्षण के दौरान साफ हुआ कि शहर स्वच्छता की दौड़ में पीछे क्यों है। जबकि नगर-निगम से हर महीने इन ठेकेदार कंपनियों को भारी भरकम भुगतान किया जा रहा है। कमिश्नर ने यह चेतावनी दी है कि यदि ठेकेदार समितियां इसी तरह का रवैया अपनाती रहीं तो उनका अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।