बरेला के सलैया गांव में घटना, पुलिस कर रही पड़ताल
जबलपुर। बरेला थानांतर्गत सलैया गांव स्थित बिना मुंडेर के कुए में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। 32 वर्षीय रिंकू पटैल अपने दोस्त मनीष पटैल के साथ उसके मामा के घर आया था। बताया जाता है कि घटना के बाद से ही मृतक का दोस्त लापता है, जिससे मामला संदिग्ध मानकर पुलिस पड़ताल कर रही है। युवक के कुए में गिरने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में कुए के पास सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। युवक को जब बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
नशे में लहराए दोनों दोस्त, फिर लड़खड़ाकर रिंकू गिर गया
बरेला टीआई जितेंद्र यादव ने बताया, कि बीती रात ग्राम झगरा में रहने वाला रिंकू पटेल अपने दोस्त मनीष पटेल के साथ सलैया गांव गया था। जहां दोनों ने अपने कुछ अन्य दोस्तों के साथ जमकर शराब पी और नशे में धुत होने के बाद रिंकू और मनीष बाइक से अपने गांव जाने लगे, लेकिन कुए के पास पहुंचकर बाइक बहकी और दोनों नीचे गिर गए। घटना में दोनों को मामूली चोटें आईं और दोनों किसी तरह खड़े हो गए, लेकिन रिंकू के कदम फिर लडखड़ा गए और वह पास में स्थित बिना मुंडेर के कुए में गिर गया। अपने मित्र के गिरते ही मनीष व अन्य ने जोर-जोर से चिल्लाना चालू कर दिया, जिससे आसपास के लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए तत्काल अपने स्तर पर रिंकू को बाहर निकालने के प्रयास किए। घंटों की मशक्कत के बाद रिंकू को बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दहशत में लोग, किए जाएंगे सुरक्षा के इंतजाम
ग्रामीणों ने बताया कि जिस कुए में रिंकू गिरा है वह रोड से लगा हुआ भी है और बिना मुंडेर का है। ऐसे में अनजान व्यक्ति अक्सर ही अंधेरे में कुए में गिरते-गिरते बचता है। रिंकू की मौत के बाद के बाद ग्रामीण दहशत में आ गए हैं, उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जल्द से जल्द कुए के पास सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।