हादसा या हत्या, पुलिस कर रही पड़ताल
जबलपुर। शहर के चर्चित कुक्कु पंजाबी- कांग्रेस नेता राजू मिश्र हत्याकांड गवाह नदीम उर्फ नद्दू की सड़क हादसे में मौत हो गई। कबाड़ का धंधा करने वाले गोहलपुर निवासी नदीम को मझौली से लौटते वक्त अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी अस्पताल ले जाने से पहले मौत हो गई। यह हादसा है या सुनियोजित षड़यंत्र, पुलिस जांच कर रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने बताया कि गोहलपुर निवासी 33 वर्षीय नद्दू नदीम रविवार को अपने काम से मझौली गया था। रात को वहां से वापस लौटते वक्त जब वह मेन रोड पर पहुंचा तो किसी वाहन चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे नद्दू नदीम बाइक सहित दूर जाकर गिरा। घटना में नद्दू के सिर पर गंभीर चोट आई और बहुत ज्यादा खून बह गया। इससे पहले कि नद्दू को अस्पताल ले जाया जाता, उसकी मौत हो गई।
निगरानी शुदा बदमाश था
मृतक नद्दू नदीम आदतन अपराधी और गोहलपुर क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश था। 4 जनवरी 2017 को पारिजात बिल्डिंग के पास हुए राजू मिश्र हत्याकांड में नद्दू मुख्य गवाह भी था। ऐसे में पुलिस को शंका है कि नद्दू की मौत हादस न होकर मर्डर भी हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।