Type Here to Get Search Results !

ज्योतिरादित्य को हराने वाले केपी का दर्द,पार्टी निष्ठा खत्म कर व्यक्तिनिष्ठा बढ़ा रहे सिंधिया समर्थक

गुना सांसद केपी यादव ने लिखा बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र

 ग्वालियर। चुनाव हारने के बाद भाजपा में शामिल होकर ग्वालियर-चंबल की राजनीति में दमदारी से लौटे ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों पर गुना-शिवपुरी सांसद केपी यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोकसभा चुनाव में सिंधिया को पराजित करने वाले केपी यादव ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर दर्द बयां किया है। यादव ने लिखा कि सिंधिया समर्थक उनकी लगातार उपेक्षा कर रहे हैं और गुटबाजी कर पार्टी का माहौल खराब कर रहे हैं। पत्र में कहा गया कि संगठन व सार्वजनिक कार्यक्रमों में पार्टी निष्ठा खत्म कर व्यक्तिनिष्ठा को बढ़ावा देकर भाजपा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

 पत्र सार्वजनिक होने से भाजपा की किरकिरी

 सांसद केपी यादव को मोदी की पसंद बताया जाता है, उनका पत्र सार्वजनिक होने से पार्टी की किरकिरी हो रही है। यादव ने पार्टी अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि सिंधिया समर्थकों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में उनकी व भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है, यहां तक कि जिन कार्यो को सांसद द्वारा मंजूरी दिलाई गई या पूर्ण किया गया उनके आयोजन में-उद्घाटन में जानबूझकर उन्हें नहीं बुलाया जाता। उल्लेखनीय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा में शामिल होने के बाद न केवल केंद्रीय मंत्री बनाया गया बल्कि उनके समर्थकों को पार्टी व निगम-मंडलों में स्थान दिया गया। यहां सिंधिया समर्थकों व केपी यादव से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर तल्खी बनी हुई है कि केपी यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को पराजित किया था। इस अंचल में मची खींचताने को यादव ने अपने पत्र में उल्लेखित किया है। बताया जाता है कि केपी यादव ने पत्र में यह भी लिखा कि बतौर सांसद उनकी अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों का सिंधिया समर्थक बहिष्कार करते हैं और अधिकारी-कर्मचारी भी उपेक्षा कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.