जबलपुर। कोविड के संक्रमण की तीसरी लहर की रोकथाम के साथ रैपिड एंटीजन टेस्ट पर रोक लगाने के बाद सरकार आरटीपीसीआर टेस्ट पर फोकस कर रही है। अब मोबाइल टेस्टिंग वैन से आरटीपीसीआर की जांच होगी। प्रदेश में शुरू होने वाली इस सुविधा के लिए जबलपुर को भी एक मोबाइल वैन दी गई है। भोपाल से यह वैन शुक्रवार को देर शाम तक जबलपुर पहुंचने की संभावना बताई गई है। रोज होगी 75 हजार सैंपल्स की आरटीपीसीआर सैंपलिंग बताया जाता है हेल्थ कमिश्नर द्वारा भेजे गए आदेश के मुताबिक प्रदेश में रोजाना 75 हजार सैंपल की आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। इसके लिए जिलों को डेली टारगेट के साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेज की लैब और आउटसोर्स लैब को मैप किया गया है। तीन आउटसोर्स लैब को जांच का काम सौंपा गया है। मेडिकल कॉलेज की लैब से मैप जिलों के अलावा करीब डेढ़ दर्जन जिलों के सैंपल डायरेक्ट आउटसोर्स लैब में जांचने के लिए भेजे जाएंगे।
तीन मोबाइल वैन में इन जिलों के सैंपल होंगे टेस्ट
एजिलिटी डायग्नोस्टिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तीन मोबाइल वैन जबलपुर, छतरपुर, शहडोल में इस हफ्ते में शुरू होने जा रही है। जबलपुर की वैन में बालाघाट, कटनी, मंडला जिलों के सैंपल टेस्ट किए जाएंगे। छतरपुर की वैन में टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना जिलों के सैंपल जांचे जाएंगे। शहडोल जिले की मोबाइल वैन में अनूपपुर, उमरिया और सीधी के सैंपल की आरटीपीसीआर जांच की जाएगी।
इनका कहना है ....
कोविड के संदिग्ध मरीजों के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भोपाल से शासन मोबाइल वैन भेज रहा है। इस वैन में टेस्ट लगाए जाएंगे और रिपोर्ट दी जाएगी। इसे फिलहाल हम जिला अस्पताल में खड़ा करेंगे। डॉ. रत्नेश कुररिया, सीएमएचओ जबलपुर