पेपर लीक पर प्रभावी रोक,भर्ती परीक्षाओं की फीस माफ
नई दिल्ली। यूपी चुनाव में जमीन तलाश रही कांग्रेस पार्टी ने यंग मेनिफेस्टो जारी किया है। पार्टी की कमान संभालने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा ने दूसरा घोषणा पत्र जारी किया है, इससे पहले महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया जा चुका है। कांग्रेस ने मतदाताओं को रिझाने ऐलान किया है कि यूपी में 20 लाख नौकरियां दी जाएंगी, इनमें 8 लाख महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। वहीं भर्ती परीक्षाओं के लिए फीस माफ की जाएगी। प्रियंका ने कहा कि युवाओं से चर्चा के बाद ये भर्ती विधान तैयार किया है। यूपी में सबसे बडी समस्या भर्ती की है, इसलिए ये विधान बनाया है। युवा क्वालिफाइड है, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिलती। हम जॉब कैलेंडर बनाएंगे। कड़ाई से पालन करेंगे। पेपर लीक को रोका जाएगा,क्योंकि युवा वर्ग पेपर लीक से हतोत्साहित हैं।
युवाओं की आकांक्षा का है ये दस्तावेज ...
प्रियंका ने कहा कि विधान में हमने ये भी बताया है कि युवा कैसे अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। युवाओं की समस्याओं को हमने इसमें एड्रेस किया है। यूपी में 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का ये दस्तावेज है। उन्होने कहा कि प्राथमिक विद्यालय में 1.50 लाख, माध्यमिक में 38 हजार, उच्चत्तर में 8 हजार पद भरे जाएंगे। पुलिस के 1 लाख पद भरे जाएंगे। 20 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 27 हजार सहायिकाओं के पद पर भर्ती होंगे। 4 हजार उर्दू शिक्षक भर्ती किए जाएंगे।