व्यापारी की सूचना पर पहुंची चरगवां पुलिस ने दबोचा
जबलपुर। लखनादौन से सरिया लेकर जबलपुर आ रहे ट्रक चालक को बीच रास्ते में लुटेरों ने लूट लिया। धूमा थाना क्षेत्र की सीमा पर हुई इस सनसनीखेज लूट की सूचना पीड़ित चालक ने डायल-100 सहित धूमा पुलिस को दी। इधर व्यापारी ने उक्त लूट की सूचना चरगवां थाना को दी, जिसके बाद चरगवां पुलिस की एफआरवी सहित थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल चालक से चर्चा करते हुए लूट में शामिल एक आरोपी को पकड़ लिया। प्राथमिक पूछताछ के बाद चरगवां पुलिस ने लुटेरे को धूमा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। चरगवां पुलिस की तत्परता से आरोपी को पकड़ा गया है। लूट में शामिल रहे 3 अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं आग्रिम कार्रवाई धूमा पुलिस करेगी। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात लखनादौन से स्वराज माजदा ट्रक क्रमांक एमपी 20जीए 6841 में लोहे की सरिया लेकर चरगवां थाना क्षेत्र के लोहा कारोबारी धरम चंद जैन की गोदाम में लेकर आ रहा था। चालक रवि ठाकुर धूमा थाना क्षेत्र की बार्डर पहुंचा तभी मारूति वेन में आए 4 लुटेरों ने ट्रक रोक लिया। लुटेरों ने ट्रक चालक रवि के साथ जमकर मारपीट करते हुए उसकी जेब से नगद रुपए छीन लिए। लुटेरों ने ट्रक में लोड लोहे की सरिया को रस्सा से बांधकर नीचे उतारा और मारूति में टोचन कर घसीट ले गए। इधर व्यापारी की सूचना पर चरगवां थाना प्रभारी विनोद पाठक बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनकर लुटेरे मौके से भाग गए। फरियादी चालक की निशानदेही पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 1 लुटेरे को कुछ देर बाद दबोच लिया। चरगवां पुलिस ने धूमा पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए पकड़े गए लुटेरे को उनके सुपुर्द कर दिया है।