डीओ हो या डीई, सबको स्वच्छता में कसावट लाने दिए निर्देश
जबलपुर। नवागत जेएमसी कमिश्नर आईएएस आशीष वशिष्ठ कार्यभार संभालने के बाद आज सुबह-सुबह फील्ड पर उतरे और जनता की दुखती रग पर सबसे पहले हाथ रखा। अधिकारियों के साथ निकले कमिश्नर ने दमोहनाका-मदन महल फ्लाई ओवर निर्माण स्थल पर आवागमन में हो रही तकलीफ और निर्माण की गुणवत्ता देखी और हिदायत दी कि सर्विस रोड दुरस्त कर इसे धूल के गुबार से मुक्त कराया जाए। उन्होने कहा कि पानी का छिड़काव बार-बार किया जाए ताकि लोगों को धूल से बचाया जा सके।
कमिश्नर आशीष वशिष्ठ सुबह 7 बजे ही शहर के हाल जानने निरीक्षण करने निकल गए। वे स्वास्थ्य विभाग, व लोक निर्माण विभाग के अमले के साथ करीब साढ़े तीन-चार घंटे फील्ड पर रहे। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि कल से ही सभी डीओ,डीई और विभाग प्रमुख अलग-अलग स्थानों पर जाकर साफ-सफाई की मॉनिटरिंग करें और जो कमियां दिखें उन्हें तत्काल प्रभाव पर दूर कराएं। कमिश्नर ने सार्वजनिक और सामुदायिक प्रसाधन केंद्रों का जायजा भी लिया। हालांकि पहले दिन कमिश्नर ने व्यवस्थाओं को लेकर संतोष-असंतोष प्रकट तो नहीं किया, लेकिन निरीक्षण के हर बिंदु पर गौर किया । इसके साथ ही वशिष्ठ ने शहर में लगे पुराने, कटे-फटे फ्लेक्स हटाने के भी निर्देश दिए।
सड़कों के बारे में जुटाएंगे जानकारी
जेएमसी कमिश्नर ने शहर के प्रमुख मार्गो का जायजा भी लिया। हालांकि अभी उन्होंने सड़कों के संबंध में भी अधिकारियों को कोई निर्देश नहीं दिए। बताया जाता है कि शहर की जजर्र सड़कों पर उनका फोकस रहेगा। बताया जा रहा है शहर की कौन-कौन की सड़क किस विभाग के अंतर्गत आती है, यह जानने के बाद कार्ययोजना बनाने के बाद काम किया जाएगा। बता दें कि शहरवासी सबसे अधिक त्रस्त जजर्र सड़कों से हैं, क्योंकि हालात इतने बद् से बद्तर हो गए हैं कि लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है। ऐसे में नए कमिश्नर से संस्कारधानीवासी सड़कों की स्थिति में सुधार लाने की उम्मीद कर रहे हैं।