भाजपा महिला मोर्चा में कई दावेदारों को मायूसी
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी में संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर की गई नियुक्ति को लेकर असंतोष की खबर है। प्रदेश भाजपा ने महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पर पर रूपा राव और युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष पद पर योगेंद्र ठाकुर की नियुक्ति की है। खुले तौर पर किसी ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक युवा मोर्चा में अध्यक्ष पद के दावेदार रहे कई युवाओं ने नए चेहरे को पहचान का संकट होने की बात कही है।
ग्रामीण के नेता को शहर की कमान
अधिकृत जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं नगर भाजपा अध्यक्ष जीएस ठाकुर की सहमति से भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने योगेंद्र ठाकुर को जबलपुर महानगर इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है, वहीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नरोलिया ने प्रदेश नेतृत्व की सहमति से रूपा राव को महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी में अंदरूनी स्तर पर सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया युवा मोर्चा अध्यक्ष को लेकर हुई है। बताया जाता है कि कई दावेदार और उनके समर्थक आपस में चैट कर एक दूसरे से पूछ रहे हैं कि नए चेहरे के रूप में योगेंद्र ठाकुर को किसने पद पर बैठाया। कहा जा रहा है कि योगेंद्र भले ही विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे, लेकिन शहर में उनकी पहचान का संकट है। दबी जुबान से इस नियुक्ति का विरोध करने वाले युवा मोर्चा कार्यकताओं का कहना है योगेंद्र ठाकुर को महानगर का अध्यक्ष बनाया गया जबकि वे ग्रामीण से आते हैं। वहीं शहर में दावेदारों की कमी नहीं थी। युवा मोर्चा में सक्रिय चंद्रशेखर कुशवाहा को ओबीसी चेहरा माना जाता है, वहीं रौनक अग्रवाल व पूर्व युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ अभिलाष पांडे के करीबी श्रीकांत वर्मा कुक्की का नाम महानगर अध्यक्ष के लिए वरिष्ठ नेताओं ने भी दिया था। महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पद पर रूपा राव की नियुक्ति का सीधा विरोध नहीं है, क्योंकि रूपा राव पार्टी के हर कार्यक्रम में सक्रिय रहीं, लेकिन इस पद पर दावेदारी करने वाली महिलाओं को यह नियुक्ति रास नहीं आ रही है।