वाहन का बिल पास कराने मांगे थे 15 हजार
जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सिवनी एवं छिंदवाड़ा में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के दो मामले दर्ज किए। छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ब्लाक मेडिकल ऑफिसर को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया, वहीं सिवनी की बरघाट तहसील में पटवारी को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोचा गया।
एक लाख बीस हजार का बिल पास कराने मांगी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि छिंदवाड़ा के चौरई निवासी सोहन श्रीवास्तव ने शिकायत की थी कि जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में बीएमओ आरआर सिंह ने उससे वाहन का एक लाख बीस हजार रुपए का बिल पास करने 15 हजार रुपए रिश्वत मांगी है। सोमवार को उसे 10 हजार रुपए लेकर ऑफिस बुलाया गया है। डीएसपी दिलीप झरबड़े एवं निरीक्षक स्वपनिल दास के नेतृत्व में लोकायुक्त टीम ने बीएमओ को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में जांच जारी है।
पटवारी ने कहा 7 हजार दो तो बनेगी ऋण पुस्तिका
इसी तरह सिवनी में ऋण पुस्तिका बनवाने के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी बलराम गजभिए को ट्रेप कर लिया। लोकायुक्त टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि नीलेश हरिनखेड़े नामक व्यक्ति की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर टीम द्वारा सिवनी जिले की बरघाट तहसील में पदस्थ बलराम गजभिये पटवारी हल्का नंबर 60 को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए तहसील कार्यालय बरघाट मे रंगे हाथ पकड़ा। बताया गया कि आवेदक की ज़मीन की रजिस्ट्री पास करवाने एवं बही ऋण पुस्तिका बनवाने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। इस कार्रवाई में निरीक्षक कमल सिंह उइके के साथ निरीक्षक नरेश बेहरा, महिला प्रधान आरक्षक लक्ष्मी रजक, आरक्षक पंकज तिवारी, शरद पांडेय, सागर सोनकर एवं आरक्षक चालक जीत सिंह शामिल रहे।