Type Here to Get Search Results !

दमोह के होटल-शराब कारोबारी राय परिवार पर इनकम टैक्स का छापा

50 गाड़ियों में 2 सौ अधिकारियों की टीम पहुंची सुबह 5 बजे

 दमोह। जिले के जाने-माने होटल-शराब कारोबारी कांग्रेस नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शंकर राय और उनके भाई भाजपा नेता, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कमल राय के ठिकानों पर गुरु वार की सुबह-सुबह इनकम टैक्स अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। राय परिवार के अलग-अलग ठिकानों पर सुबह 5 बजे पहुंची टीमों ने एक साथ रेड की। इनकम टैक्स छापे की स्थानीय पुलिस को पहले भनक तक नहीं लगी और एसपी सहित पुलिस के अधिकारी तब पहुंचे जब राय परिवार के समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे। बताया गया कि जब इनकम टैक्स अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी तब करीब 7 बजे मौके पर पुलिस पहुंची। बता दें कि राय परिवार का दमोह में खासा राजनीतिक रसूख है और उनके परिजनों का पेट्रोलियम,ट्रांसपोर्ट, शराब, होटल और कंस्ट्रक्शन के अलावा अनेक व्यवसाय हैं। 

नोट-कागज जलने की गंध से चौंके अधिकारी

दमोह सिटी के राय चौराहे पर रहने वाले कमल राय के घर इनकम टैक्स की टीम करीब 50 वाहनों में पहुंची थी। सुबह टीम ने जब दबिश दी, तब वे सो रहे थे। राय के दरवाजा खोलते ही टीम अंदर दाखिल हुई और सभी को एक जगह आने को कहा। बताया जाता है कि चंद मिनट बाद ही कुछ जलने की गंध आई तो अधिकारियों ने पूछा कि क्या कुछ कागज या नोट जलाए जा रहे हैं। इसके आगे की जानकारी नहीं मिल सकी। बल्कि सूत्रों ने बताया कि टीम ने जब सर्चिंग का काम शुरू किया तो परिवार के लोग विरोध करने आगे बढ़े और बहस करने लगे। अधिकारियों ने सभी से सहयोग मांगा और नियंत्रण के लिए कुछ पुलिसकर्मियों को अंदर बुलाया,साथ ही परिवार के लोगों से सहयोग करने की बात कही। सहयोग नहीं करने पर सख्ती बरतने चेतावनी दी गई। छापे के संबंध में इनकम टैक्स विभाग जबलपुर की अपर आयुक्त मुनमुन शर्मा ने कहा कि अभी सर्चिंग चल रही है, विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही दी जा सकती है। बताया जाता है कि राय परिवार के संजय व राजू राय के निवास पर भी टीम ने दबिश दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.