बेलबाग पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जालसाज फरार
बेलबाग थानांतर्गत बाई का बगीचा निवासी एक युवक को जालसाज ने खुद को आर्मी अफसर बताते हुए हजारों रुपए का चूना लगा दिया। जब तक युवक को पूरा माजरा समझ आता तब तक उस जालसाज ने अपना नंबर ही बंद कर लिया। युवक ने थाने पहुंचकर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि बाई का बगीचा गली नंबर 4 में रहने वाले विकास दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि कुछ दिनों पूर्व उसने फेसबुक पर एक आई-20 कार बेचने का विज्ञापन देखा। उसने दिए हुए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले ने खुद को आर्मी ऑफिसर बताते हुए कहा, कि उसका ट्रांसफर हो गया है, इसलिए जल्द से जल्द उसे अपनी कार बेचना है। कथित सेना के अधिकारी कार के रेट भी काफी कम बताए, जिससे विकास लालच में आ गया और बिना कुछ सोचे तीन बार में उसे 30-30 और 20 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। 80 हजार रुपए देने के बाद जब विकास ने दोबार उसी नंबर पर कॉल किया तो नंबर बंद था। विकास लगातार उसे कॉल करता रहा, लेकिन फिर संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
कार की होम डिलेवरी का दिया झांसा
विकास ने जब आमने-सामने मिलकर कार देने और पैसे लेने की बात कही तो जालसाज ने कहा, कि उसके पास इतना टाइम नहीं है। इसलिए रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करो और एड्रेस दो, थोड़ी देर बाद ड्राइवर कार लेकर पहुंच जाएगा। विकास उससे कन्वेंस हो गया और उसने बिना कुछ सोचे रकम ट्रांसफर कर दी। बता दें कि पिछले कई सालों से फेसबुक पर एक आई-20 कार की फोटो अलग-अलग फोन नंबर के साथ अपलोड की जा रही है।