आधुनिक कृषि में ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव का हो रहा था प्रदर्शन
जबलपुर। पं रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य आयोजन में प्रदर्शन के दौरान आसमान में उड़ रहा ड्रोन बहक गया। अचानक नीचे आया ड्रोन समारोह की झांकी में शामिल कलाकारों पर गिरा जिससे 5 बच्चे घायल हो गए। हालांकि इनमें 3 को मामूली चोट लगी, लेकिन शहपुरा से आए दो कलाकारों के सिर से खून की धार लग गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
शहपुरा से आए 2 कलाकार हुए घायल ...
बताया जाता है कि प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव द्वारा परेड की सलामी लेने के बाद प्रशासन द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा था। इसमें कृषि विभाग की झांकी के दौरान यह प्रदर्शित किया जा रहा था कि आधुनिक कृषि में किस तरह ड्रोन द्वारा खेतों में कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। ड्रोन आसमान में उड़ते हुए अचानक बहक गया और कलाकारों पर गिर गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। बताया गया कि शहपुरा कुंडम से आए कलाकार इंदू कुंजाम व मनीषा कुंजाम को सिर में ड्रोन के पंखों से चोट पहुंची जबकि तीन अन्य को मामूली चोट लगी।