अयोध्या या मथुरा से लड़ने की थी अटकलें ,यूपी और पंजाब की लिस्ट जारी
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशियों की लिस्ट आ गई। योगी आदित्यनाथ अपने घर से चुनाव लड़ेंगे। घर यानी गोरखपुर। योगी के राम की नगरी अयोध्या और कृष्ण की भूमि मथुरा से चुनाव लड़ने की अटकलें थीं, लेकिन बीजेपी हाईकमान ने उन्हें गोरखपुर शहर सीट से प्रत्याशी बना दिया है। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से टिकट दिया गया है। पहले दो चरणों के लिए जारी प्रत्याशियों की इस लिस्ट में बीजेपी ने 107 लोगों को टिकट दिया है। इनमें से 68 फीसदी टिकट ओबीसी, दलित और महिला प्रत्याशियों को दिए हैं। सामान्य सीट पर भी दलित उम्मीदवारों को टिकट दिया है। घोषित उम्मीदवारों में 83 मौजूदा विधायकों में से 63 को दोबारा उम्मीदवार बनाया है, वहीं 44 ओबीसी, 19 अनुसूचित जाति और 10 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है। 43 सीटों पर समान्य वर्ग के प्रत्याशियों को उतारा गया है।
पंजाब सीएम चन्नी को चमकौर साहिब से सिद्दू को अमृतसर पूर्व से टिकट
कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 86 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा और ओ पी सोनी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री चन्नी चमकौर साहिब से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। सिद्धू अपनी वर्तमान सीट अमृतसर पूर्व, रंधावा अपनी वर्तमान सीट डेरा बाबा नानक और सोनी भी अपने मौजूदा क्षेत्र अमृतसर मध्य से ही चुनाव लड़ेंगे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा कादियान से चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं मालविका सूद मोगा से पार्टी की उम्मीदवार होंगी। मालविका अभिनेता सोनू सूद की बहन हैं।