माढ़ोताल पुलिस व क्राइम ब्रांच ने दबोचे 5 रईसजादे
जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने संध्या वाटिका बारात घर के मैदान में लाखों का दांव खेल रहे जुआरियों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की मजबूत फिल्डिंग होने से एक भी जुआरी मौके से भागने में सफल नहीं हो सका। माढ़ोताल पुलिस ने मौके से 5 जुआरियों को पकड़कर उनके कब्जे से 2 लाख 27 हजार 390 रुपए सहित ताश के पत्ते जब्त किए हैं। उधर, खमरिया पुलिस ने जंगल में चल रहे जुआफड़ की सूचना पर घेराबंदी करते हुए 6 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस की रेड पड़ते ही 2 जुआरी जंगल में मिस्टर इंडिया की तरह गायब हो गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी कुछ देर में दबोच लिया। पकड़े गए 6 जुआरियों के पास से पुलिस ने 39 हजार 700 रुपए व 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों मामले में पुलिस ने जुआरियों पर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की। माढ़ोताल टीआई रीना पांडे ने बताया कि मुखिबर से सूचना मिली थी कि संध्या वाटिका (बारात घर) के मैदान में कुछ लोग दांव लगाकर जुआ मन्ना खेल रहे हैं। तत्काल पुलिस की टीम ने संध्या वाटिका में दबिश दी, तो मौके पर जुआ खेल रहे लोग पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे जिन्हें घेराबंदी करते हुए दबोच लिया गया। जुआरियों को पकड़ने में टीआई रीना पांडे शर्मा, एसआई रविकरण सिंह, एएसआई सुरेन्द्र बड़गैया, क्र ाइम ब्रांच से गोपाल विश्वकर्मा, बलराम पाण्डेय, अतुल गर्ग, बालकृष्ण शर्मा, अजय लोधी, वीरेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।
छापा में पकड़े गए जुआरी
नवीन कनौजिया 59 साल निवासी एपीआर कालोनी बिलहरी थाना गौराबाजार, सुशील सिंह 45 वर्ष निवासी पटेल मोहल्ला रामपुर थाना गोरखपुर,बिजेन्द्र मलिक 44 वर्ष निवासी मनीराम का बगीचा थाना गौराबाजर, कुलदीप महादेव 32 साल निवासी अनुराधा कालोनी थाना गौराबाजार एवं अभिषेक अहिरवार 32 वर्ष निवासी लठ्ठा पांडेय का बगीचा थाना गोराबाजार को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
जंगल में चल रहा था जुआ पहुंच गई
पुलिस खमरिया टीआई निरूपा पांडे ने बाजार जंगल में जुआ खेलने की सूचना पर दबिश देते हुए 6 जुआरियों को पकड़ा। जुआरी बीच जंगल में टार्च की रोशनी में जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखकर 2 जुआरी मौके से भागकर जंगल के अंधेरे में छिप गए पुलिस ने तलाश करते हुए उन दोनों जुआरियों को भी पकड़ लिया है। जुआरियों के कब्जे से 39 हजार 700 रुपए सहित मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस की दबिश में भुवन सोनी निवासी मढई रांझी, संतोष बाल्मिक निवासी धनवंतरी नगर, नितिन कुमार निवासी खमरिया, राजेश सिंह निवासी खमरिया, इंद्र कुमार निवासी धनवंतरी नगर संजीवनी नगर एवं किशोर कुमार बेन खमरिया को पकड़ा गया है।