ग्लोबल कॉलेज में जांच के दौरान मिली दो-दो मार्कशीट व आईडी
जबलपुर। बिहार से सीआरपीएफ कांस्टेबल की परीक्षा देने ग्लोबल कॉलेज में पहुंचे जालसाज युवक को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जालसाज युवक बिहार से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में कांस्टेबल बनने के लिए फर्जी दस्तावेज लेकर जबलपुर पहुंचा था। युवक दो अलग अलग नाम से फार्म भर कर दो आईडी लेकर आया था। प्राथमिक जांच में दस्तावेजों में फेरबदल होने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। माढ़ोताल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ कर रही है। माढ़ोताल टीआई रीना पांडे ने बताया कि बुधवार को दोपहर में सूचना मिली थी कि कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्न पुलिस बल में जीडी कांस्टेबल की परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिसका एक सेंटर ग्लोबल कॉलेज में बनाया गया था, जहां बिहार का एक युवक दो प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा देने पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर सभी दस्तावेज जप्त कर लिए।
दो फार्म भरे, दोनों में पहचान बताई अलग-अलग........
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ एवं जांच में यह पता चला है कि बिहार निवासी युवक का नाम विवेक राज उर्फ आशुतोष है। आरोपी के पास से कक्षा दसवीं की बिहार बोर्ड की दो मार्कशीट मिली है, एक मार्कशीट में उसका नाम विवेक राज लिखा है जबकि दूसरी मार्कशीट में उसका नाम आशुतोष लिखा है। पहली मार्कशीट में जन्म तारीख 1995 की है जबकि दूसरी में जन्म तारीख वर्ष 2000 अंकित है। आरोपी ने परीक्षा में शामिल होने के लिए दोनों नाम से फार्म भरा था, एक में आधार कार्ड एवं दूसरे में वोटर आईडी कार्ड पहचान पत्र के रूप में प्रस्तुत किया था। पुलिस ने सभी दस्तावेज जप्त कर लिए हैं,आरोपी के खिलाफ धारा 420 का प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी से चल रही पूछताछ में कई और खुलासे हो सकते हैं। मामले की जांच और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।