राहगीरों की मुसीबत से जनप्रतिनिधियों को सरोकार नहीं
जबलपुर। स्मार्ट सिटी के बेढंगे और अनियोजित निर्माण कार्यो से त्रस्त आम शहरी के लिए अब घर से निकलना मुश्किल भरा होगा। कई प्रमुख मार्ग फ्लाईओवर, सीवर लाइन और स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के कारण वैसे ही गुजरने लायक नहीं थे, वहीं नगर निगम प्रशासन ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के कई सड़कों पर आवागमन बंद कर दिया है। चौतरफा खुदे पड़े शहर में अब हालात ये हैं कि घर से निकलने के पहले ये तय करना होगा कि निकलें या न निकलें- निकलें तो कहां से निकलें। मदन महल चौक दशमेश द्वार से एलआईसी तक जाने वाला मार्ग घोषित तौर पर एक माह के लिए बंद किया गया है, आगे क्या होगा यह स्पष्ट नहीं है। जनता की इस परेशानी से जनप्रतिनिधियों को कोई सरोकार नहीं है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड का ये है तर्क
दमोहनाका से मदन महल तक बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण के कारण मदन महल चौराहे के दशमेश द्वार से एलआईसी-मेडिकल जाने वाला मार्ग बंद रहेगा। यानि शारदा चौक- त्रिपुरी- मेडिकल जाने वाले लोगों को कृपाल चौक होकर शारदा चौक के पास निकलना होगा। स्मार्ट सिटी की ओर से ये तर्क दिया गया है कि बिजली अंडरग्राउंड, पाइपलाइन, कल्वर्ट निर्माण, अर्थ वर्कआदि के लिए भी कराए जाने वाले कार्यो के कारण कई मार्ग बंद करने पड़ रहे हैं।
राइट टाउन के निवासी हलाकान
स्मार्ट सिटी के कार्यो से सर्वाधिक हलाकान राइट टाउन में रहने वाले लोग हैं। उन्हें ये समझ नहीं आ रहा कि उनकी मुसीबत कब कम होगी और सुविधा कब मुहैया होगी। प्रशासन ने मानस भवन के पास से तीन पत्ती और गौमाता चौक तक एवं पंकज होटल, प्रेम मंदिर के आसपास बंद नाली बनाने का कार्य, विद्युत लाईनों को अंडरग्राउंड करने का कार्य, 24 घंटे वाली वाटर पाइप लाइन डालने का कार्य करने ये मार्ग बंद कर दिए हैं। वहीं गोलबाजार को रानीताल मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले हिस्से में नाली निर्माण के कारण रास्ता बंद हो गया है। इसी तरह घमापुर चौक, ओमती में तैय्यब अली चौक-घंटाघर मार्ग और अधारताल से महाराजपुर जाने वाले मार्ग को बंद किया गया है। इसके लिए व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग न होने से जनजीवन और आवागमन का भगवान ही मालिक है।