मझौली में वारदात, शराब पीकर हंगामा करने पर हुआ विवाद
जबलपुर। शराब पीने के बाद मां से अभद्रता बड़े भाई को बर्दाश्त नहीं हुई और घर में बेवजह हंगामा कर रहे छोटे भाई को समझाइश देने के बाद बड़े भाई ने कपड़े धोने वाली ठोस लकड़ी (मुगरिया) छोटे भाई के सिर पर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। भाई के द्वारा भाई की हत्या करने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैली और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची मझौली पुलिस ने हत्या करने वाले फरार आरोपी बड़े भाई के विरूद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। मझौली टीआई सज्जन सिंह ने बताया कि गढ़िया मोहल्ला इंद्राना निवासी 35 वर्षीय दीपक बर्मन शनिवार देर रात शराब पीकर हंगामा करते हुए अपनी मां से विवाद कर रहा था। मां से झगड़ा होने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला बड़ा बेटा राकेश बर्मन मौके पर पहुंचा और छोटे भाई को समझाइश देकर मां को गाली देने से मना करते हुए शांत रहने की बात कहने लगा। राकेश की बात सुनकर दीपक उग्र होकर झूमाझपटी करने लगा, तभी राकेश ने मौके पर पड़ी मुगंरिया से हमला कर दिया। ठोस लकड़ी से हुए हमले के बाद दीपक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटे भाई दीपक की मौत के बाद हमलावर भाई राकेश बर्मन वहां से भाग गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
से मारपीट भी करता था दीपक.........
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि छोटा भाई शराब पीकर आए दिन मां को गाली देते हुए मारपीट करता था। शनिवार रात घर में बने चिकिन को लेकर दीपक शराब के नशे में बेवजह आग बबूला हो गया और मां को गाली देने लगा। बताया जाता है कि इससे पहले भी बड़ा भाई राकेश अपने छोटे भाई दीपक को कई दफा समझा चुका था कि मां को कुछ मत बोला करो, लेकिन वह नशे में झगड़ा करते हुए मां से गाली गलौच करने लगता था। शनिवार रात हुए झगड़े में दीपक मां को गाली देकर झुमट गया था, जिसे बड़ा भाई बर्दाश्त नहीं कर सका और छोटे भाई को समझाने का प्रयास कर रहा था।
दीपक के लिए चिकिन बनाकर भेजा था..............
दीपक अपनी पत्नी के साथ अलग रहता है, उसकी मां अलग रहती है एवं बड़ा भाई आरोपी राकेश बर्मन भी अलग रहता है। शनिवार रात में दीपक घर पहुंचा तो उसकी मां ने उसे खाने के लिए मुर्गा बनाकर उसके घर भेजा था। दीपक ने खाने के दौरान पत्नी से पूछा कि मुर्गा किसने बनाया है, उसने कहा मां ने बनाकर भेजा है, इसके बाद दीपक ने मां को बुलाया और स्वाद अच्छा न होने की बात कहकर हंगामा करने लगा, यही विवाद की वजह थी।