रांझी पुलिस जाएगी दिल्ली के आशिक को पकड़ने
जबलपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती और अपने से कम उम्र के लड़के से चैटिंग करना एक शादीशुदा युवती को ब्लैकमेलिंग के जाल में उलझा गया। दिल्ली निवासी लड़के को जब परवान चढ़ी दोस्ती और प्यार के बीच पता चला कि महिला विवाहित है तो लड़के ने पति को छोड़कर शादी करने दबाव डाला और ऐसा न करने पर वीडियो कॉल की आपत्तिजन फुटेज वायरल करने की धमकी देने लगा। मामला अब थाने पहुंच गया है और रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दोस्ती में मर्यादाएं भी टूटी,अपत्तिजनक वीडियो रिकार्ड............
बताया जाता है कि सोशल मीडिया पर 25 वर्षीय युवती को दिल्ली के उत्तम नगर निवासी अमित डागर नामक युवक से दोस्ती हो गई। युवती पति से छिपकर अपने से कम उम्र के लड़के से चैटिंग करने लगी और वीडियो कॉल पर भी बातें होने लगी। इस दौरान दोनों के बीच मर्यादा भी टूट गई और चैटिंग व वीडियो कॉल का सिलसिला बढ़ गया। इसी बीच लड़के ने आपत्तिजनक वीडियो की रिकार्डिग कर ली और उस पर दिल्ली आने और शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती ने बताया कि वह ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि शादीशुदा है तब लड़के ने पति को छोड़कर शादी करने कहा और धमकी दी कि यदि ऐसा नहीं किया तो वह आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा।
पति ने समझाया तो अभद्रता पर उतारू हो गया..................
दिल्ली निवासी लड़के की धमकी के बाद युवती ने अपने पति को यह बात बताई और कहा कि वह जिद में कुछ भी कर सकता है। पति ने युवती को जमकर फटकार लगाई और अमित को समझाने का प्रयास किया। जिद्दी आशिक पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और वह अभद्र भाषा का प्रयोग कर युवती की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने लगा। पति-पत्नी की शिकायत पर रांझी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और दिल्ली से आरोपी को पकड़कर लाने का प्रयास कर रही है।