जबलपुर में 11 नए संक्रमित मरीज, महाराष्ट्र से आने वालों ने चिंता बढ़ाई
भोपाल/ जबलपुर। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर शुरू होने की खबरों के बीच मध्य प्रदेश में कोरोना अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सरकार भले ही कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन के मरीज मिलने के आंकड़े छिपा रही है, लेकिन कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को पचमढ़ी दौरा बीच में छोड़कर अचानक भोपाल पहुंचे और सभी कलेक्टर्स से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संक्रमण रोकथाम और स्वास्थ सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया। सीएम ने कहा कि हर जिले में फीवर क्लीनिक एक्टिव होना चाहिए। इधर, जबलपुर में गुरुवार को कोरोना संक्रमित मरीजों ने दहाई का आंकड़ा पार कर दिया। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक 11 नए मरीज मिले हैं।
कलेक्टरों को ताकीद, हर हाल में व्यवस्थाएं दुरुस्त हों
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अचानक पचमढ़ी से लौटकर मंत्रलय में सभी जिलों के कलेक्टरों से वीसी के माध्यम से कोरोना संक्रमण और 15 से 18 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण की रणनीति को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग कराने समेत सभी व्यवस्थायें दुरुस्त करें। इंदौर कलेक्टर को सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि हमारा प्रयास है कि कोविड के मरीजों को कोविड केयर सेंटर में रखें। उन्हें अस्पताल ले जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि फीवर क्लीनिक एक्टिव कर दें, जिससे टेस्टिंग लोग आसानी से करा पाएं। इंदौर को सबसे ज्यादा सतर्क रहना है, क्योंकि लोगों की आवाजाही ज्यादा है। शिवराज ने कहा कि इंदौर को सबसे ज्यादा सतर्क रहना है, क्योंकि यहां लोगों की आवाजाही ज्यादा है। सभी व्यवस्थाओं को रिव्यू कर लिया जाए, युद्धस्तर पर तैयारी करें,हमें पूरी सर्तकता रखनी है। क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों की बैठक जिलों, ब्लॉकों व पंचायतों की करें। सभी कलेक्टर इसे गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि मास्क लगाने का आग्रह करें, रोको-टोको अभियान जारी रखें। कोविड केयर सेंटर का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करें, हर जिले में एक कोविड केयर सेंटर होना चाहिए, बाकी ब्लॉक, पंचायत में भी जरूरत होगी तो शुरू करेंगे। सभी मंत्री ऑक्सीजन प्लांट चेक कर लें। हमारे पास और प्राइवेट हॉस्पिटल के पास कितने बिस्तर हैं। कांट्रेक्ट ट्रेसिंग अभी हमारे हाथ में है, इसमें कोई लापरवाही हमें नहीं करनी है। सीएम ने कहा कि बहाना नहीं चलेगा क्योंकि काम हमें ही करना है।