स्वास्थ्य विभाग ने कांट्रेक्ट ट्रेसिंग के लिए भेजी टीम, सतर्क रहने के निर्देश
जबलपुर। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की रोकथाम और उपचार की व्यवस्था में जुटे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही है। गुरुवार को 11 पॉजिटिव केस मिलने के बाद शुक्रवार को 8 नए केस मिलने के बाद मरीजों की कांट्रेक्ट हिस्ट्री में जुटे स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि जबलपुर में बाहर से आने वाले ही संक्रमित मिले हैं। मरीजों के बारे ट्रेस की गई हिस्ट्री में खास बात ये है कि सभी मरीज राज्य के बाहर की यात्र कर वापस आए हैं या राज्य या देश के बाहर से आए हैं।
संक्रमण रोकना चुनौतीपूर्ण
कोविड-19 संक्रमण का स्प्रेड रोकने के लिए जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुररिया के निर्देशन में आरआरटीटी मिले नए संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों के घर पहुंचकर उनकी सेंपलिंग कराई जा रही है। स्वास्थ विभाग के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जिले के बाहर से आने वाले लोग ही संक्रमित पाए गए। ऐसा माना गया कि जिले के स्थानीय लेवल पर संक्रमण की दर बहुत ही कम है, लेकिन चिकित्सा अधिकारियों ने इस बात का अंदेशा भी जाहिर किया है यदि इसी तरह से लोग बेफिक्री से उन राज्यों की यात्र करके लौटेंगे जहां पर संक्रमण की दर बढ़ रही है तो ऐसे में जिले में संक्रमण फैलने से रोकना काफी चुनौतीपूर्ण होगा ।
संक्रमित मरीजों को मिले बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
सीएमएचओ स्वास्थ्य सेवाओं की कमान संभाल रहे जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुररिया का कहना है कि सभी शासकीय अस्पतालों के प्रभारी अधिकारियों, चिकित्सकों के साथ निजी अस्पतालों के संचालकों से कहा गया है कि कोविड-19 संक्रमित मरीज के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी न रखी जाए। हर हाल में बेहतर से बेहतर उपचार करने अपने स्तर पर तैयारियों को दुरस्त कर लिया जाए।