कोरोना के केस बढ़ने से लिया निर्णय, जबलपुर में मिले 5 पॉजिटिव
भोपाल। देश में फिर कोरोना के बढ़ते केस के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका से प्रदेश में शुक्रवार से फिर नाइट कफ्यरू लगाया जाएगा। यह रात्रिकालीन कफ्यरू रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक लगेगा। इसके साथ ही स्कूलों में 50 फीसदी बच्चों की उपस्थिति की पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी। प्रदेश में आज 30 नए मामले आए वहीं जबलपुर में गुरुवार को कोरोना के 5 पॉजिटिव मिले।
यहीं से फैला था प्रदेश में कोरोना.................
महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैल रहा है,इन्हीं राज्यों से कोरोना की दूसरी लहर आई थी। मुख्यमंत्री का कहना है कि इन राज्यों से प्रदेश में आवागमन अधिक होता है इसलिए सतर्कता के तौर पर नाइट कफ्यरू लगाया जा रहा है। प्रदेश के जनता को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में पहली और दूसरी लहर का सीधा असर इंदौर और भोपाल शहरों से ही शुरू होता रहा है और अभी तक की स्थिति में इन दोनों ही शहरों में कोरोना के मामले सर्वाधिक हैं। ऐसे में जबकि दुनिया के साथ देश के 16 राज्यों में कोरोना के ओमिक्रान वैरिएंट ने दस्तक दे दी है तो एमपी में भी इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए जरूरत के हिसाब से प्रतिबंध लगाए जाएंगे। गुरुवार को प्रदेश में पिछले दो माह के अंतराल में सबसे अधिक तीस केस सामने आए हैं। दिसम्बर माह में अब तक नवम्बर की तुलना में कोरोना पाजिटिव केस की संख्या तीन गुना हो चुकी है। इसलिए सरकार इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती। भारत सरकार ने भी इस स्थिति को देखते हुए गाइडलाइन जारी की है। इसलिए जिन लोगों ने कोरोना के वैक्सीन नहीं लगवाई है, वे जरूर लगवा लें ताकि सुरक्षा चक्र बना रहे। कोरोना मरीज पाए जाने पर घर में व्यवस्था होने पर आइसोलेट होने की सुविधा दी जएगी और अगर घर में पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं तो अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।