Type Here to Get Search Results !

आतंक फैलाने गुंडों ने दीया बेचने वाले युवक को गोली मारी

दीवाली के बाजार में दहशत के लिए की फायरिंग जबलपुर। दीवाली के बाजार में आतंक फैलाने के मकसद से बाइक सवार गुंडों ने मिट्टी के दीया बेच रहे युवक को गोली मार दी। गोरखपुर मेन बाजार में हुई वारदात से सनसनी फैल गई और वारदात में घायल युवक बेहोश होकर मौके पर ही गिर गया, जिसे आनन-फानन निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जाता है कि दीया बेचने वाले युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पनागर छत्तरपुर निवासी पार्वती प्रजापति अपने पूरे परिवार के साथ दिया बेचने गोरखपुर बाजार आई थी। जहां 1 नवंबर की रात 11 बजे उसने अपना काम समेटा और परिवार के अन्य लोगों को खाना खाने के लिए बुलाने चली गई। वे सब मिलकर खाना खाने जब एक स्थान पर जा रहे थे, तभी मेन रोड पर बाइक से निकल रहे बदमाशों ने उसके 27 वर्षीय बेटे पर फायर कर दिया, जिससे एक गोली रवि की पीठ पर लगी और वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा। घटना से पूरा प्रजापति परिवार घबरा गया और सीधे उसे अस्पताल ले गया, जहां उसका उपचार जारी है। तेज बाइक चलाते हुए किए कई फायर बताया जा रहा है कि रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच दुकानें सिमटने लगी थीं, जिससे भीड़-भाड़ भी थोड़ा कम हो गई थी। ऐसे में एक बाइक पर सवार तीन युवक बहुत तेजी से बाइक चलाते हुए निकले और फिर हुड़दंग मचाते हुए फायरिंग भी शुरू कर दी, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और जब इससे भी मन नहीं भरा तो रवि को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी, जबकि रवि न उन्हें जानता है न ही उसकी किसी से दुश्मनी है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने आतंक फैलाने के लिए भरे बाजार में फायरिंग की है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.