Type Here to Get Search Results !

विभु की अंतिम विदाई में रो पड़े सब, नर्मदा तीरे दद्दा घाट पर संस्कार

विधायक संजय यादव ने बेटे के माथे पर तिलक लगाकर कहा-तुम्हारे बिना अब सब कुछ अधूरा

 जबलपुर। दोस्त के पास जाने की बात लिखकर आत्महत्या करने वाले 17 वर्षीय विभव उर्फ विभू की घर से अंतिम विदाई के दौरान कुछ देर के लिए ऐसा माहौल निर्मित हुआ कि मौके पर मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े। वहां ऐसा कोई व्यक्ति नहीं था, जिसने विभू की मां सीमा, पिता संजय और बड़े भाई समर्थ के दर्द से भरे शब्दों को सुनकर रोने को मजबूर न किया हो। हाथीताल स्थित घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर भी कुछ लोग खड़े मिले,ये लोग दूरी पर इसलिए खड़े थे क्योंकि भारी वेदना, असहनीय दर्द और रोने की आवाज सुनकर इनकी हिम्मत वहां तक जाने की नहीं हो रही थी। घर से प्यारे बेटे की अंतिम विदाई के दौरान विधायक पिता संजय यादव ने विभू के माथे पर टीका लगाकर चूमते हुए कहा कि खुश रहना मेरे ‘लाल’ तुम्हारे बिना अब सब कुछ अधूरा है। पिता के शब्दों को सुनकर कुछ देर के लिए मौके पर सन्नाटा पसर गया। विभू की मां सीमा की आंखों के आंसू सूख गए और कलेजा पत्थर हो गया। शव घर पहुंचने के बाद से ही ‘मां’ अपने लाड़ले को एकटक निहारती रही। सीमा यही कहती रही कि उसका बेटा सो रहा है, कुछ देर बाद उठकर सीने से लग जाएगा। विभू को कुछ नहीं हुआ है। विभु का अंतिम संस्कार नर्मदा तट पर दद्दा घाट तिलवारा में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थि थे।

 मुख्यमंत्री ने फोन पर संजय से की बात 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दुखद घटना पर विभु के पिता विधायक संजय यादव से फोन पर बात करते हुए उन्हें ढाढंस बधाया। सीएम से बात करते ही विधायक संजय यादव फूट फूटकर रोने लगे। सीएम ने कहा संजय हिम्मत से काम लो ईश्वर को यही मंजूर था। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने विभु के निधन पर दुख प्रकट करते हुए संजय यादव से मोबाइल पर बात की और सांत्वना दी। इससे पहले कल पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने संजय से बात कर संवेदना व्यक्त की थी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.