ट्रेनिंग के लिए जबलपुर आई थी, आर्मी हॉस्पिटल में क्वारेंटाइन
जबलपुर। दक्षिण अफ्रीका में फैले कोरोना वायरस के नए वैरियंट के खतरे के बीच वहां से जबलपुर आई महिला को पुलिस ने तलाश लिया। दिल्ली हेडक्वार्टर से आए फोन के बाद हलाकान स्वास्थ्य महकमे व प्रशासन ने उस वक्त राहत की सांस ली, जब उन्हें पता चला कि साउथ अफ्रीका की जिस महिला को ढूंढ रहे हैं वह वहां की आर्मी ऑफिसर है और पिछले दिनों वह यहां ट्रेनिंग के लिए आई थी, जिसके बाद से वह मिलिट्री हॉस्पिटल में क्वारेंटाइन है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका के बोट्सवाना शहर से 34 वर्षीय महिला 18 नवंबर को शाम 5 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंची थी।
आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव, प्रशासन ने ली राहत की सांस
सीएमएचओ डॉ रत्नेश कुररिया ने बताया कि उक्त महिला आर्मी हॉस्पिटल में क्वारेंटाइन है। उनकी वहां से आने के दौरान आरटीपीसीआर की रिपोर्ट निगेटिव थी। सर्तकता को ध्यान में रखते हुए यहां से भी दोबारा आरटीपीसीआर के लिए सैम्पल भेजे गए हैं। उसकी रिपोर्ट भी निगेटिव मिली है। गौरतलब है कि महिला से संपर्क साधने को लेकर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रत्नेश कुररिया व उनकी टीम लगातार फोन लगा रही थी, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से कोई भी कुछ कह पाने व निर्णय लेने की स्थिति में नहीं रहा। वहीं दूसरी तरफ महिला से संपर्क होने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों की कांट्रेक्ट ट्रेसिंग के लिए जिले में आरआरटी टीम को रेडी रहने के लिए निर्देशित किया गया था।